तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने बिलासपुर: परिवर्तन की कहानी डॉक्यूमेंट्री का किया लोकार्पण
जिला प्रशासन के प्रयासों को सराहा, युवा पीढ़ी को जड़ों से जोड़ने में साबित होगी अहम कड़ी
बिलासपुर, 18 मार्च: नगर एवं ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने गत सायं भाषा एवं संस्कृति विभाग सभागार में ‘बिलासपुर: परिवर्तन की कहानी’ शीर्षक डॉक्यूमेंट्री का विधिवत लोकार्पण किया। कार्यक्रम में उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि बिलासपुर, हिमाचल प्रदेश की यह पावन धरती केवल एक भौगोलिक पहचान नहीं, बल्कि समृद्ध इतिहास, जीवंत संस्कृति और प्रगतिशील सोच का अद्भुत संगम है। सतलुज नदी के तट पर बसा यह नगर अपने गौरवशाली अतीत की विरासत को संजोते हुए वर्तमान में विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि भाखड़ा बांध निर्माण के कारण बिलासपुर ने भले ही गोविंद सागर झील के गहरे पानी में स्वयं को खोया है लेकिन देश के लिए हरित एवं औद्योगिक क्रांति के माध्यम से बिलासपुर को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान ही नहीं दिलाई, बल्कि विकास की मजबूत नींव भी रखी है।
उन्होंने कहा कि आधुनिक बुनियादी ढांचे, शिक्षा, पर्यटन और सामाजिक क्षेत्र में निरंतर प्रगति के साथ बिलासपुर आज एक नए युग की ओर अग्रसर है। यह डॉक्यूमेंट्री इसी प्रेरणादायक यात्रा का सजीव चित्रण प्रस्तुत करती है, जिसमें अतीत की गौरवगाथा, वर्तमान की उपलब्धियां और उज्ज्वल भविष्य की संभावनाएं प्रभावी ढंग से दर्शाई गई हैं।
उन्होंने इस डॉक्यूमेंट्री के तैयार करवाने में जिला प्रशासन की सराहना करते हुए कहा कि यह डॉक्यूमेंट्री न केवल बिलासपुर के समृद्ध इतिहास और नए युग में विकास की गाथा को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बनेगी, बल्कि युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने में भी अहम कड़ी साबित होगी।
इस पर जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों सहित कई गण्यमान्य लोग मौजूद रहे।
=======================================
नलवाड़ी मेला के अवसर पर आयोजित नाट्य उत्सव का तकनीकी शिक्षा मंत्री ने किया शुभारंभ
भाषा एवं संस्कृति विभाग सभागार में पहले दिन ‘द बियर’ और ‘खाली पेट’ का हुआ सफल मंचन
बिलासपुर, 18 मार्च: राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेला-2026 के अवसर पर नाट्य उत्सव का भी आयोजन किया जा रहा है। नगर एवं ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने गत देर सायं भाषा, कला एवं संस्कृति विभाग सभागार में नाट्य उत्सव का विधिवत शुभारंभ किया।
नाट्य उत्सव के पहले दिन दो नाटकों ‘द बियर’ और ‘खाली पेट’ का सफल मंचन किया गया। ‘द बियर’ नाटक की प्रस्तुति द बिगिनर्स, शिमला द्वारा की गई, जिसका निर्देशन कपिल देव शर्मा ने किया। इसमें अधिराज शर्मा, कार्तिक शर्मा, अमृतांश, पालक और पायल ने मंच पर अभिनय किया, जबकि रोहित कुमार और सृष्टि ने बैकस्टेज दायित्वों का निर्वहन किया।
इसी प्रकार ‘खाली पेट’ नाटक की प्रस्तुति व्यासपुर रंगमंच, व्यासपुर द्वारा की गई। इस नाटक का लेखन मोहम्मद इनामुल्ला ने किया है, जबकि विनोद शर्मा और शिवांगी रघु ने अभिनय प्रस्तुत किया। नाट्य उत्सव के दूसरे दिन भी दो नाटकों का मंचन किया जाएगा, जिनमें ‘एक लड़की पांच दीवाने’ तथा ‘जहर’ शामिल हैं।
इस अवसर पर तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेला के दौरान नाट्य उत्सव जैसे कार्यक्रमों के आयोजन से जहां कला और संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन को बल मिलता है, वहीं कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का एक उत्कृष्ट मंच भी प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से पारंपरिक नाट्य शैलियों, लोक कथाओं, सामाजिक विषयों और ऐतिहासिक प्रसंगों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया जाता है, जिससे सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण सुनिश्चित होता है।
उन्होंने कहा कि नाट्य उत्सव सामाजिक जागरूकता का भी एक प्रभावी माध्यम है। नाटकों के माध्यम से समाज में व्याप्त कुरीतियों, समस्याओं और समसामयिक मुद्दों को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया जाता है, जिससे दर्शकों पर गहरा प्रभाव पड़ता है और सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में सोच विकसित होती है।
उपायुक्त एवं राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेला आयोजन समिति के अध्यक्ष राहुल कुमार ने मुख्यातिथि का स्वागत किया।
इस अवसर पर मंत्री की धर्मपत्नी सोनिका धर्माणी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।