राज्यसभा चुनाव का नतीजा आने के बाद चौधरी अभय सिंह चौटाला की प्रतिक्रिया -
प्रदेश की जनता चाहती थी इनेलो को इस चुनाव से दूरी बनानी चाहिए, इसलिए हमने जनता के हित में लिया ये ऐतिहासिक फैसला: चौधरी अभय सिंह चौटाला
राहुल गांधी द्वारा उतारे गए उम्मीदवार कर्मबीर बौद्ध को हुड्डा पसंद नहीं करते थे क्योंकि हुड्डा को दलित पसंद नहीं हैं, अशोक तंवर के साथ हुई घटना और शैलजा प्रकरण इसके उदाहरण हैं
मुख्यमंत्री द्वारा इनेलो को कांग्रेस की बी टीम बताने वाले बयान पर कहा - मुख्यमंत्री को इनेलो को कांग्रेस की बी टीम कहने से पहले जनता से माफी मांगनी चाहिए क्योंकि बीजेपी ने विधायक खरीदकर प्रजातंत्र का गला घोंटा है
चंडीगढ़, 18 मार्च। मंगलवार को राज्यसभा चुनाव का नतीजा आने के बाद इंडियन नेशनल लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर आरोप जड़ते हुए कहा कि हुड्डा ने इस बार राज्यसभा चुनाव में बड़ा खेल खेला है। जिन विधायकों को टिकट दिलवाने में हुड्डा की भूमिका रही, उन्हीं विधायकों ने बीजेपी के पक्ष में वोट किया। इससे एक बात प्रदेश की जनता के सामने साफ हो गई है कि यह बगावत खुद विधायकों की नहीं बल्कि भूपेंद्र हुड्डा की रणनीति का हिस्सा थी। इस बात का वे जल्द खुलासा करेंगे कि कांग्रेस के इन विधायकों को हुड्डा ने ही बागी करवाया है।
अभय सिंह चौटाला ने दीपेंद्र सिंह हुड्डा के राज्यसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय कांग्रेस के पास 30 विधायक थे। उस वक्त भी भूपेंद्र हुड्डा ने बीजेपी से मिलीभगत कर दूसरा उम्मीदवार खड़ा नहीं होने दिया था। उसी राज्यसभा चुनाव में कुमारी शैलजा की टिकट काटी गई थी जिसके कारण उनके समर्थक विधायक नाराज हो गए थे। अगर उस समय बीजेपी उम्मीदवार उतारती तो सौ फीसदी दीपेंद्र हुड्डा चुनाव हारते।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी द्वारा उतारे गए उम्मीदवार कर्मबीर बौद्ध को हुड्डा पसंद नहीं करते थे। उन्होंने हुड्डा पर दलित विरोधी होने का भी आरोप लगाया और कहा कि अशोक तंवर के साथ हुई घटना और शैलजा प्रकरण इसके उदाहरण हैं। बीजेपी पैसे के बल पर और हुड्डा विधायकों के बल पर दलित उम्मीदवार को हराना चाहते थे।
अभय चौटाला ने बताया कि हमने सभी 90 हलकों के लोगों से रायशुमारी करने के बाद सोच-समझकर यह फैसला लिया। प्रदेश की जनता चाहती थी कि हमें इस चुनाव से दूरी बनाकर रखनी चाहिए। हिंदुस्तान के इतिहास में यह पहला ऐसा फैसला है, जो प्रदेश की जनता के हित में लिया गया है।
चुनाव नतीजे के बाद मुख्यमंत्री द्वारा इनेलो को कांग्रेस की बी टीम बताने वाले बयान पर पलटवार करते हुए अभय सिंह चौटाला ने कहा कि उन्हें इनेलो को कांग्रेस की बी टीम कहने से पहले जनता से माफी मांगनी चाहिए। क्योंकि बीजेपी ने विधायक खरीदकर प्रजातंत्र का गला घोंटा है।