बिलासपुर, 18 मार्च: जिला कल्याण अधिकारी, बिलासपुर के तत्वावधान में आज अपना घर वृद्धाश्रम (डे-केयर सेंटर), दयोली में वरिष्ठ नागरिकों के लिए 7 दिवसीय “जीविकोपार्जन गतिविधियों पर कार्यशाला” का शुभारंभ किया गया। यह कार्यशाला सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा राष्ट्रीय कार्ययोजना वरिष्ठ नागरिक के अंतर्गत आयोजित की जा रही है। कार्यशाला का शुभारम्भ जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास, बिलासपुर नरेंद्र कुमार ने किया।
इस अवसर पर उन्होंने बताया कि इस प्रकार की पहल वरिष्ठ नागरिकों को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ उनके जीवन को सरल, सक्रिय एवं तनाव मुक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने प्रतिभागियों से कार्यशाला का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान जिला कल्याण अधिकारी आर.सी. बंसल ने कार्यशाला की रूपरेखा एवं उद्देश्यों की जानकारी दी, जबकि तहसील कल्याण अधिकारी कमल कांत शर्मा ने विभागीय योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला।
इस अवसर पर मानव सभा ट्रस्ट, दयोली (अपना घर वृद्धाश्रम के संचालक) के अध्यक्ष प्रकाश बंसल भी उपस्थित रहे। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को लघु एवं कुटीर आधारित गतिविधियों में प्रशिक्षित कर उन्हें आर्थिक रूप से सक्षम बनाना, आत्मसम्मान को सुदृढ़ करना तथा स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली को प्रोत्साहित करना है।
कार्यशाला के प्रथम सत्र में जिला कार्यक्रम प्रबंधक, एनआरएलएम (डीआरडीए) देश राज ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि वरिष्ठ नागरिक स्वयं सहायता समूहों एवं अन्य योजनाओं के माध्यम से आय के नए अवसर प्राप्त कर सकते हैं। आगामी दिनों में प्रतिभागियों को मोमबत्ती निर्माण, अगरबत्ती निर्माण, जूट एवं कपड़े के थैले बनाना, हस्तशिल्प एवं सजावटी वस्तुओं का निर्माण, विपणन एवं उत्पादों की पैकेजिंग जैसे व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किए जाएंगे।
कार्यशाला के दौरान योग, सांस्कृतिक कार्यक्रम, समूह चर्चा एवं मनोरंजक गतिविधियों का भी आयोजन किया जाएगा, जिससे प्रतिभागियों को सकारात्मक एवं उत्साहवर्धक वातावरण प्राप्त हो सके। सात दिवसीय इस कार्यक्रम में वृद्धाश्रम, डे-केयर सेंटर एवं स्थानीय क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिक सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं। यह पहल वरिष्ठ नागरिकों के समग्र विकास, आत्मनिर्भरता एवं सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण और सार्थक कदम सिद्ध होगी।