चंडीगढ़,20 मार्च 2026: बिहार फाउंडेशन (पंजाब एवं चंडीगढ़ चैप्टर) द्वारा बिहार दिवस के उपलक्ष्य में 22 मार्च 2026 (रविवार) सेक्टर 30-ए स्थित बाबा माखन शाह लुबाना भवन, में एक भव्य समारोह का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एच. राजेश प्रसाद, आईएएस (मुख्य सचिव, चंडीगढ़) तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. सागर प्रीत हुड्डा, आईपीएस (डीजीपी, चंडीगढ़) उपस्थित रहेंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. रुपेश सिंह, चेयरमैन, बिहार फाउंडेशन (पंजाब एवं चंडीगढ़ चैप्टर) करेंगे।
इस अवसर पर बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने हेतु रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें प्रसिद्ध बिहारी लोक गायक निखिल महादेव झा की प्रस्तुति तथा शंकरा लाइव म्यूजिक बैंड द्वारा लोक नृत्य शामिल होगा। साथ ही, समारोह में शहर के उत्कृष्ट बिहारी प्रतिभाओं को सम्मानित करने के लिए एक विशेष सम्मान समारोह (फेलिसिटेशन सेरेमनी) का भी आयोजन किया जाएगा। अतिथियों के लिए पारंपरिक बिहारी व्यंजनों का लंच परोसा जाएगा।
कार्यक्रम की एक विशेष आकर्षण के रूप में विभिन्न पारंपरिक स्टॉल्स लगाए जाएंगे, जिनमें लिट्टी-चोखा, घुघनी, चूड़ा एवं कचौरी, नमकीन सेव, बुंदिया एवं लड्डू, चना सत्तू, मधुबनी पेंटिंग, भागलपुरी सिल्क एवं वस्त्र, गाजा, खाजा एवं खुर्मा, दाल बड़ी, पापड़ एवं तिलौरी, खोए की लाई (बरह) तथा रोस्टेड मखाना एवं भागलपुर कतरनी चूड़ा शामिल होंगे। इन स्टॉल्स के माध्यम से आगंतुक बिहार के पारंपरिक स्वाद, कला और शिल्प का एक ही स्थान पर अनुभव कर सकेंगे।
यह आयोजन बिहार की सांस्कृतिक धरोहर को बढ़ावा देने के साथ-साथ समाज के विभिन्न वर्गों को एक मंच पर जोड़ने का कार्य करेगा।