जिला के नगर निकायों में महिलाओं के लिए आरक्षण की प्रक्रिया 30 मार्च को होगी पूर्ण
बिलासपुर, 25 मार्च: नगर निकाय चुनाव-2026 के अंतर्गत वार्डों के आरक्षण की प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (नगर निकाय) बिलासपुर राहुल कुमार ने अधिसूचना जारी की है। जारी अधिसूचना के अनुसार नगर चुनाव अधिनियम, 2015 के प्रावधानों के तहत नगर परिषद बिलासपुर, घुमारवीं, श्री नैना देवी जी तथा नगर पंचायत तलाई के वार्डों का महिलाओं के लिए आरक्षण लॉटरी (ड्रा ऑफ लॉट्स) के माध्यम से किया जाएगा।
राहुल कुमार ने बताया कि यह प्रक्रिया आगामी 30 मार्च को बचत भवन, उपायुक्त कार्यालय बिलासपुर में प्रातः 11ः30 बजे से प्रारंभ होगी। इस दौरान राज्य सरकार द्वारा नामित राजपत्रित अधिकारियों, गणमान्य व्यक्तियों एवं नागरिकों की उपस्थिति सुनिश्चित की गई है। उन्होंने बताया कि नगर परिषद बिलासपुर के लिए अतिरिक्त उपायुक्त ओम कांत ठाकुर, एसडीएम सदर डाॅ. राजदीप सिंह, उपायुक्त के सहायक आयुक्त राज कुमार सहित नगर परिषद अध्यक्ष, पूर्व अध्यक्ष/पार्षद उपस्थित रहेंगे।
उन्होंने बताया कि नगर परिषद घुमारवीं के लिए अतिरिक्त उपायुक्त बिलासपुर, एसडीएम घुमारवीं, उपायुक्त के सहायक आयुक्त के अतिरिक्त बार एसोसिएशन के अध्यक्ष, पत्रकार एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे। साथ ही नगर परिषद श्री नैना देवी जी के लिए अतिरिक्त उपायुक्त बिलासपुर, एसडीएम श्री नैना देवी जी (स्वारघाट), उपायुक्त के सहायक आयुक्त तथा संबंधित वार्डों के प्रमुख नागरिक उपस्थित रहेंगे।
जारी आदेशों में नगर पंचायत तलाई के लिए अतिरिक्त उपायुक्त बिलासपुर, एसडीएम झंडूता, उपायुक्त के सहायक आयुक्त के साथ-साथ स्थानीय गणमान्य नागरिक एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।
इसके अतिरिक्त, जिला बिलासपुर के अंतर्गत सभी शहरी निकायों के लिए महिलाओं के आरक्षण के लिए ड्रा ऑफ लॉट्स की प्रक्रिया में भाग लेने के लिए भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस एवं भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्षों को भी आमंत्रित किया गया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी (नगर निकाय) ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं नामित/नियुक्त किए गए सभी लोगों से निर्धारित समय एवं स्थान पर उपस्थित होकर इस प्रक्रिया को सफल एवं पारदर्शी बनाने में सहयोग करने का आह्वान किया है।
============================================
ग्रीष्मोत्सव के दौरान पुलिस थाना घुमारवीं क्षेत्र में हथियार लेकर चलने पर प्रतिबंध
बिलासपुर, 25 मार्च: घुमारवीं में 5 से 9 अप्रैल तक आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय ग्रीष्मोत्सव के दृष्टिगत लोगों की अधिक संख्या, कानून एवं व्यवस्था तथा मानव सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला दण्डाधिकारी बिलासपुर राहुल कुमार ने भारतीय दण्ड संहिता की धारा 163 के तहत प्राप्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए एक निषेधाज्ञा जारी की है।
इस आदेश के अनुसार पुलिस थाना घुमारवीं के अधिकार क्षेत्र में आगामी 5 अप्रैल से 9 अप्रैल, 2026 तक किसी भी व्यक्ति द्वारा अस्त्र-शस्त्र, गोला-बारूद, दूर से मार करने वाले हथियार, तेजधार हथियार आदि उठाकर चलने पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध रहेगा।
यह आदेश आम नागरिकों पर लागू होगा तथा इसमें सशस्त्र सुरक्षा बल को छूट प्रदान की गई है।
उपायुक्त ने कहा कि यह आदेश सार्वजनिक सुरक्षा बनाए रखने के उद्देश्य से जारी किया गया है तथा इसका उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
===============================================
बिलासपुर में जिला परिषद वार्डों के परिसीमन का अंतिम प्रकाशन अधिसूचित
बिलासपुर, 25 मार्च: उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने हिमाचल प्रदेश पंचायती राज अधिनियम, 1994 की धारा 89 तथा हिमाचल प्रदेश पंचायती राज (निर्वाचन) नियम, 1994 के नियम 9(5) के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए जिला परिषद वार्डों के निर्वाचन क्षेत्रों के परिसीमन का अंतिम प्रकाशन अधिसूचित कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि 16 मार्च 2026 के माध्यम से प्रारूप प्रकाशित कर 19 मार्च 2026 तक आपत्तियां एवं सुझाव आमंत्रित किए गए थे। परन्तु निर्धारित अवधि में कोई भी आपत्ति प्राप्त नहीं हुई। ऐसे में जिला परिषद वार्डों के निर्वाचन क्षेत्रों के परिसीमन का अंतिम प्रकाशन अधिसूचित कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि जिला परिषद बिलासपुर में कुल 14 वार्ड निर्धारित किए गए हैं। वार्ड संख्या 1 घण्डालवीं में ग्राम पंचायत भपराल, लन्जता, कोट, हटवाड़, देहरा-हटवाड़, बम्म, पन्तेहड़ा, घण्डालवी, मरहाणा, कुठेड़ा-मरहाणा, सलाओं-उपरली तथा हम्बोट सम्मिलित किए गए हैं। वार्ड संख्या 2 सेऊ में ग्राम पंचायत लैहड़ी-सरेल, बरोटा, डंगार, पडयालग, हरितल्यांगर, गतवाड़, गाहर, बाह, दधोल, छन्दोह, सेऊ, तड़ौन, कसारू तथा भराड़ी शामिल हैं।
वार्ड संख्या 3 कुठेड़ा में ग्राम पंचायत मैहरी-काथला, लद्दा, तलवाड़ा, पटेर, कुठेडा, मोरसिंघी, दाबला, कोठी, तियूनखास, भुल्सवाए तथा तल्याणा सम्मिलित हैं। वार्ड संख्या 4 ननावां में ग्राम पंचायत हवाण, कुहमझवाड़, सरयूनखास, ननावां, मल्यावर, रोहिण, बल्हचुराणी, हरलोग, घुमारवीं, दकड़ी, लुहारवीं, पट्टा तथा बाड़ी मंझेड़वा शामिल हैं।
वार्ड संख्या 5 बड़गांव में ग्राम पंचायत बरठी, मोही, पपलाह, पलासला, करलोटी, कपाहड़ा, छत, सण्डयार, कोटलूब्राह्मणां, सुन्हाणी, डूहक, बड़गांव तथा बलोह सम्मिलित हैं। वार्ड संख्या 6 रोहल में ग्राम पंचायत डाहड, रोहल, गालियां, बैहना-ब्राह्मणां, बाला, झण्डूता, बलघाड़, मलांगण, घण्डीर, बल्हसीणा, दसलेहड़ा तथा झबोला शामिल किए गए हैं।
वार्ड संख्या 7 जेजवीं में ग्राम पंचायत नघ्यार, बड़गांव-ग्लू, कोसरियां, घराण, सनीहरा, भड़ोलीकलां, कुलज्यार, कलोल, डूडियां, मलराओं, जेजवीं, पपलोआ, सलवाड़ तथा धणी सम्मिलित हैं। वार्ड संख्या 8 जांगला में ग्राम पंचायत समोह, विजयपुर, निहाण, गेहड़वीं, जांगला, नखलेहड़ा, डमली, बडोल, बैहना-जट्टा, बैरी दडोला, हीरापुर, औहर, बैरीमियां तथा दाड़ी-भाड़ी को शामिल किया गया है।
वार्ड संख्या 9 बामटा में ग्राम पंचायत अमरपुर, पनोल, बकरोआ, अवारी खलीण, फटोह पनोह, कन्दरौर, बेनला-ब्राह्मणां, निचली-भटेड, चांदपुर, बल्ह-बलवाणा, कुड्डी, बामटा तथा ओयल शामिल हैं।
वार्ड संख्या 10 बरमाणा में ग्राम पंचायत बरमाणा, पंजगाई, हरनोड़ा, धौणकोठी, जमथल, धार-टटोह, सोलग-जुरासी, दरोबड़, दयोली, बिनौला, नोग, बैरी रजादियां तथा सिहड़ा सम्मिलित हैं। वार्ड संख्या 11 नम्होल में ग्राम पंचायत सुई-सुरहाड़, दिगथली, डोबा, रानीकोटला, भोली, साई-खारसी, सोलधा, छकोह, मलोखर, सिकरोहा, पंजैल-खुर्द, नम्होल तथा घ्याल शामिल हैं।
वार्ड संख्या 12 जुखाला में ग्राम पंचायत कोटला, निहारखण-बासला, जुखाला, माकड़ी-मार्कंड, बंदला, रघुनाथपुरा, कोठीपुरा, राजपुरा, दयोथ, मैहथी, कल्लर, नौणी, स्योहला, छड़ोल तथा कचैली सम्मिलित हैं। वार्ड संख्या 13 स्वाहण में ग्राम पंचायत तनबौल, टाली, कुटैहला, री, स्वाहण, बैहल, मण्डयाली, नकराणा, टरवाड़ तथा कौंडावाला शामिल हैं।
वार्ड संख्या 14 कोटखास में ग्राम पंचायत धरोट, कोटखास, घवाण्डल, सलोआ, माकड़ी, भाखड़ा, रोडजामन, तरसूह-ग्वालथाई, लैहड़ी, दबट, मजारी, कौलावालां-टोबा, बस्सी तथा खरकड़ी सम्मिलित की गई हैं।
उपयुक्त ने बताया कि यह अंतिम प्रकाशन सर्वसाधारण की जानकारी हेतु अधिसूचित किया गया है तथा आगामी जिला परिषद चुनाव इसी परिसीमन के आधार पर संपन्न करवाए जाएंगे।
==================================
नगर पंचायत झण्डुता तथा स्वारघाट के वार्डों का अंतिम परिसीमन आदेश जारी
बिलासपुर, 25 मार्च: हिमाचल प्रदेश नगरपालिका निर्वाचन नियम, 2015 के तहत उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने नगर पंचायत झण्डुता एवं स्वारघाट के वार्डों के परिसीमन से संबंधित अंतिम आदेश जारी कर दिए हैं।
जारी आदेशों में उपायुक्त ने बताया कि नगर पंचायत झण्डुता के वार्डों के परिसीमन के संबंध में 03 मार्च, 2026 को नोटिस जारी कर आपत्तियां एवं सुझाव आमंत्रित किए गए थे, जिसके लिए सात दिन का समय निर्धारित किया गया था। निर्धारित अवधि के दौरान एक सुझाव प्राप्त हुआ, जिसका निपटारा 13 मार्च, 2026 को कर दिया गया। इसके अतिरिक्त कोई अन्य आपत्ति या सुझाव प्राप्त नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि नगर पंचायत झण्डुता के वार्डों का अंतिम परिसीमन निर्धारित किया गया है जिसमें ठप्पर-1, आनन्दघाट-2, जेटवीं छोटी बिलौर-3, वडवाड-4, वांडा-5, झण्डु-6 तथा बैहरन-7 शामिल है।
इसी प्रकार नगर पंचायत स्वारघाट के वार्डों के परिसीमन के संबंध में भी 03 मार्च, 2026 को नोटिस जारी कर सात दिन के भीतर आपत्तियां एवं सुझाव आमंत्रित किए गए थे, किन्तु निर्धारित अवधि में कोई भी आपत्ति या सुझाव प्राप्त नहीं हुआ। उपायुक्त ने बताया कि नगर पंचायत स्वारघाट के वार्डों का अंतिम परिसीमन जारी किया गया है जिसमें दभेटा वार्ड-1, मतनोह वार्ड -2, कुटेहला वार्ड -3, मंझेर वार्ड -4, समलेटू वार्ड -5, काथला वार्ड -6 तथा थापना वार्ड -7 शामिल किए गए है।
================================
एसआईएस इंडिया लिमिटेड ने सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के अधिसूचित किए 120 पद
27 मार्च को घुमारवीं तथा 28 मार्च को उप रोजगार कार्यालय श्री नैना देवी जी में होंगे साक्षात्कार
बिलासपुर, 25 मार्च: जिला रोजगार अधिकारी राजेश मेहता ने जानकारी देते हुए बताया कि एसआईएस इंडिया लिमिटेड में सिक्योरिटी गार्ड और सिक्योरिटी सुपरवाईजर के 120 पदों के लिए उप रोजगार कार्यालय घुमारवीं में 27 मार्च तथा 28 मार्च को उप रोजगार कार्यालय श्री नैना देवी जी में प्रातः 10ः30 बजे से कैंपस इंटरव्यू का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इन पदों के लिए केवल योग्य पुरुष उम्मीदवार ही आवेदन कर सकते है। इच्छुक उम्मीदवार की आयु 19 से 40 वर्ष, शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास, ऊंचाई 168 सेमी. तथा 55 से 95 किलोग्राम भार होना चाहिए। चयनित अभ्यर्थियों को 17,000 रुपये से 23,000 रुपये तक मासिक वेतन प्रदान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त चयनित अभ्यर्थियों को एक माह का प्रशिक्षण तथा 6 माह या 1 वर्ष की सेवा पूर्ण करने पर 15,000 रुपये की अतिरिक्त आर्थिक मदद सरकार की ईएलआई योजना के अंतर्गत की जाएगी।
उन्होंने बताया कि चयनित अभ्यार्थियों को हिमाचल प्रदेश तथा चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। साथ ही बताया कि जिनका नाम रोजगार कार्यालय में पंजीकृत नहीं है वो आॅनलाइन वेबसाइट ममउपेण्ीचण्हवअण्पद पर अपना नाम दर्ज करवा सकते है।
उन्होंने बताया कि इच्छुक उम्मीदवार अपने सभी आवश्यक दस्तावेजों सहित निर्धारित स्थान, तिथि व समय पर उपस्थित होकर कैंपस इंटरव्यू में भाग ले सकते हैं। इस सम्बन्ध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नम्बर 01978-222450 पर सम्पर्क किया जा सकता है।