चंबा 3 अप्रैल 2026,हिमाचल प्रदेश सरकार के दिशा निर्देश अनुसार जिला चंबा के चार बाल देखभाल संस्थानों के लगभग 35 बच्चे (चिल्ड्रन ऑफ़ द स्टेट) एक सप्ताह के शैक्षणिक भ्रमण पर हैं। जिला चंबा से 31 मार्च को आरंभ किए गए इस भ्रमण कार्यक्रम के तहत 3 अप्रैल को बच्चों ने वासोना में लांयन सफारी का आनंद लिया। इसके अलावा बच्चों ने दादर व नगर हवेली जिला के तहत दमन में चिल्ड्रन मेमोरियल पार्क, बटरफ्लाई पार्क खनवेल, दुधनी लेक, डियर पार्क सेंचुरी सतमलैया, नक्षत्र गार्डन एवं दमन गंगा रिवर फ्रंट के अतिरिक्त वान गंगा लेक गार्डन सहित दादर में हाय राइस म्यूजिकल वॉटर फाउंटेन शो का भी आनंद लिया।

इस शैक्षणिक भ्रमण के दौरान 3 अप्रैल को विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया वर्चुअल माध्यम से बच्चों से वार्तालाप की तथा उनसे शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम से संबंधित फीडबैक की। विधानसभा अध्यक्ष ने बच्चों का हौसला बढ़ाते हुए उन्हें इस भ्रमण कार्यक्रम को सुखद पूरा करने हेतु शुभकामनाएं दी। बच्चों ने भी इस भ्रमण कार्यक्रम के आयोजन के लिए राज्य सरकार विधानसभा अध्यक्ष तथा जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया। बच्चों ने विधानसभा अध्यक्ष को अवगत करवाया इस भ्रमण कार्यक्रम के दौरान सरकार की ओर से उनके लिए परिवहन सुविधा के अलावा रहने व खाने-पीने की भी उच्च स्तरीय सुविधा प्रदान की जा रही है। भ्रमण दल के प्रभारी व बाल संरक्षण अधिकारी अजय पंवर ने बताया कि इस भ्रमण कार्यक्रम में शामिल सभी बच्चे बेहद प्रसन्न व उत्साहित है सभी बच्चों ने एक स्वर में बताया कि इस प्रकार के मनोरंजक व ज्ञानवर्धक भ्रमण कार्यक्रम की उन्होंने जीवन में कभी कल्पना भी नहीं की थी तथा इसके लिए सभी बच्चे प्रदेश सरकार के साथ-साथ जिला प्रशासन के भी आभारी हैं।