गरीब बंदियों को आर्थिक राहत देने को सशक्तिकरण समिति की त्रैमासिक समीक्षा बैठक आयोजित
बिलासपुर, 07 अप्रैल: उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार की अध्यक्षता में आज बचत भवन में गरीब बंदियों के समर्थन हेतु गठित सशक्तिकरण समिति की त्रैमासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर बन्दियों को वित्तीय सहायता प्रदान करने से संबंधित मानक संचालन प्रक्रिया एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप विचाराधीन एवं सजायाफ्ता बन्दियों की सूची पर विस्तृत विचार-विमर्श करना रहा।
बैठक में पुलिस विभाग एवं न्यायिक तंत्र से जुड़े अधिकारियों ने भाग लिया, जिनमें जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव प्रतीक गुप्ता, पुलिस अधीक्षक कार्यालय के प्रतिनिधि डीएसपी मुनीश तथा अधीक्षक एन.आर. भारद्वाज उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान आर्थिक रूप से कमजोर विचाराधीन एवं सजायाफ्ता बंदियों के मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई। समिति ने ऐसे बंदियों की पहचान पर विशेष बल दिया जो आर्थिक तंगी के कारण जमानत राशि अथवा जमानती बांड की शर्तें पूरी करने में असमर्थ हैं।
उपायुक्त ने निर्देश दिए कि पात्र बंदियों को निर्धारित मानक संचालन प्रक्रियाओं (एसओपी) के अनुरूप समयबद्ध तरीके से वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि वे न्यायिक प्रक्रिया में उचित अवसर प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि यह योजना समाज के कमजोर वर्गों को न्याय तक समान पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय बढ़ाने तथा मामलों के शीघ्र निपटान के लिए सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से न केवल बंदियों को राहत मिलेगी, बल्कि न्याय व्यवस्था में पारदर्शिता और संवेदनशीलता भी सुदृढ़ होगी।
बैठक में समिति के सदस्यों ने योजना के क्रियान्वयन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत विचार-विमर्श किया। समिति ने भविष्य में इस पहल को और अधिक प्रभावी ढंग से लागू करने तथा निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया के अंतर्गत पात्र बन्दियों के समग्र सशक्तिकरण पर विशेष बल दिया।
============================================
जिला स्तरीय हिमाचल दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. कर्नल धनीराम शांडिल करेंगे समारोह की अध्यक्षता
बिलासपुर, 07 अप्रैल: जिला स्तरीय हिमाचल दिवस समारोह के सफल आयोजन को लेकर आज उपायुक्त राहुल कुमार की अध्यक्षता में बचत भवन में बैठक आयोजित की गई। बैठक में समारोह की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई तथा विभिन्न विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
उपायुक्त राहुल कुमार ने बताया कि जिला स्तरीय हिमाचल दिवस समारोह 15 अप्रैल को राजकीय छात्र वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बिलासपुर के परिसर में धूमधाम से आयोजित किया जाएगा। समारोह की अध्यक्षता स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री डॉ. कर्नल धनीराम शांडिल करेंगे।
उन्होंने बताया कि हिमाचल दिवस के अवसर पर मुख्यातिथि चंगर स्थित शहीद स्मारक पर माल्यार्पण कर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के उपरांत मुख्य कार्यक्रम स्थल पर ध्वजारोहण करेंगे तथा पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी, एनएसएस आदि टुकड़ियों द्वारा प्रस्तुत भव्य मार्च पास्ट की सलामी लेंगे। इस अवसर पर मुख्यातिथि जिला वासियों को अपना संदेश भी देंगे।
उपायुक्त ने बताया कि परेड में पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी (नेवल विंग) तथा होमगार्ड बैंड की टुकड़ियां भाग लेंगी। समारोह के दौरान विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया जाएगा।
उन्होंने सभी संबंधित विभागों को समारोह को लेकर सभी तैयारियां को समयबद्ध पूरा करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस, लोक निर्माण, जल शक्ति, बागवानी, भाषा एवं संस्कृति, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति तथा सैनिक कल्याण विभागों के साथ-साथ राज्य बिजली बोर्ड एवं नगर परिषद को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि आयोजन सफल एवं भव्य रूप से संपन्न हो सके।
इस अवसर पर एसडीएम डाॅ. राजदीप सिंह, एएसपी शिव चैधरी, सहायक आयुक्त राज कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
=============================================
सकरोहा-मझवाड-जबलयाणा सोहर सड़क मार्ग आगामी 30 अप्रैल तक यातायात के लिए बंद
बिलासपुर, 07 अप्रैल: जिला दण्डाधिकारी एवं उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 115 के अंतर्गत आदेश जारी करते हुए बताया कि लोक निर्माण विभाग मण्डल बिलासपुर के अंतर्गत सकरोहा-मझवाड-जबलयाणा सोहर सड़क मार्ग आवश्यक मरम्मत कार्य के चलते प्रातः 9 बजे से सांय 5 बजे तक सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही के लिए आगामी 30 अप्रैल तक बंद रहेगा।
जारी आदेश में इस दौरान सभी वाहनों को वाया फोरलेन-भगेड-डैहर और डैहर से सोहर जबलयाणा सडक मार्ग का उपयोग करने को कहा गया है। उन्होंने जारी आदेशों में बताया कि मरम्मत कार्य के दौरान इस सड़क मार्ग पर केवल एम्बुलेंस, स्कूल बसों, वीआईपी वाहनों तथा अन्य आपातकालीन सेवा वाहनों की आवाजाही की ही अनुमति रहेगी।
===========================================
राज्य स्तरीय ग्रीष्मोत्सव घुमारवीं के तीसरे दिन बेबी शो का हुआ आयोजन
अथर्व, आरव और आरव चैहान अपने-अपने वर्ग में रहे प्रथम
घुमारवीं (बिलासपुर), 07 अप्रैल: राज्य स्तरीय ग्रीष्मोत्सव घुमारवीं-2026 के अंतर्गत आज बेबी शो प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से सभी का दिल जीत लिया। इस आयोजन में अभिभावकों और दर्शकों की भी उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली। खंड चिकित्सा अधिकारी घुमारवीं डाॅ. अनुपम शर्मा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की तथा विजेता एवं प्रतिभागी बच्चों को पुरस्कृत किया।
यह बेबी शो प्रतियोगिता तीन आयु वर्गों में आयोजित की गई, जिसमें कुल 44 बच्चों ने भाग लिया। 0 से 1 वर्ष आयु वर्ग में आयोजित प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर अथर्व, द्वितीय स्थान पर विहान तथा तृतीय स्थान पर अनंत रहे। इसी तरह 1 से 2 वर्ष आयु वर्ग में आरव ने पहला, अंशिका ने दूसरा तथा यशस्वी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। जबकि 2 से 3 वर्ष आयु वर्ग की प्रतियोगिता में आरव चौहान प्रथम, नव्या द्वितीय तथा अभिराज तृतीय स्थान पर रहे।
इस अवसर पर बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण तथा शारीरिक विकास और सामान्य स्वास्थ्य की भी जांच की गई।