हरियाणा के किसान मंडियों में परेशान और सीएम नायब पंजाब में व्यस्त – दुष्यंत चौटाला
भाजपा सरकार पिछड़ा वर्ग को कमजोर कर रही – दुष्यंत चौटाला
चंडीगढ़, 7 अप्रैल। हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने मंडियों में फैली अव्यवस्था के लिए पूरी तरह भाजपा सरकार को जिम्मेदार ठहराया है और कहा है कि एक अप्रैल से गेहूं की खरीद के सरकार के दावे हवा हवाई निकले। उन्होंने कहा कि बेमौसम बरसात के चलते किसान परेशान है और सरकार की विफलता के चलते उन पर दोगुनी मार पड़ी है। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि भाजपा सरकार में कृषि मंत्री बरसात से गेहूं की औसत में इजाफे की बात कर रहे हैं, लेकिन उन्हें पता होने चाहिए कि पकी पकाई फसल पर बरसात होने से फसल की चमक पर असर पड़ता है और दाम में कटौती होती है। दुष्यंत चौटाला ने मांग करते हुए कहा कि बीजेपी सरकार को लस्टर लॉस की भरपाई के लिए केंद्र सरकार से अनुमति लेनी चाहिए ताकि किसानों को राहत मिल सके। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि किसानों को फसल भुगतान का पैसा भी समय पर नहीं मिल रहा है। पूर्व उपमुख्यमंत्री ने ये भी कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पंजाब में व्यस्त है और उन्हें हरियाणा की मंडियों में अपनी फसल बचने के लिए परेशान हो रहे किसानों की कोई परवाह नहीं है। वे मंगलवार को झज्जर की अनाज मंडी के दौरे के बाद पत्रकारों से रूबरू थे।
इससे पहले पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने झज्जर में आयोजित जेजेपी पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ की प्रदेश स्तरीय बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि आज भाजपा सरकार पिछड़ा वर्ग को नेतृत्व देने की केवल बातें-बातें करती है और सच्चाई ये है कि भाजपा सरकार पिछड़ा वर्ग को कमजोर करने में जुटी हुई है। उन्होंने कहा कि पिछड़ा वर्ग की समस्याओं को जेजेपी प्रमुखता से उठाएगी। उन्होंने कहा कि पिछड़ा वर्ग से जुड़े अनेक विषयों को लेकर जेजेपी ने मंथन किया है। साथ ही दुष्यंत चौटाला ने कहा कि जेजेपी के संगठन विस्तार पर भी पार्टी पदाधिकारियों ने चर्चा की है और संगठन को हलका स्तर तक मजबूत करने का काम किया जाएगा। भी
वहीं जेजेपी बीसी सेल की बैठक को संबोधित करते हुए जेजेपी प्रदेश अध्यक्ष बृज शर्मा ने कहा कि जेजेपी ने सदा पिछड़ा वर्ग की आवाज को बुलंद करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि जननायक चौधरी देवीलाल की सोच पर चलते हुए पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने बीसी वर्ग को सम्मान देने और इस वर्ग के उत्थान के लिए काम करके दिखाया है। इस अवसर पर जेजेपी के वरिष्ठ नेता राजेंद्र लितानी, जेजेपी पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश प्रभारी धर्मपाल प्रजापत, प्रदेशाध्यक्ष राजेश सैनी सहित बीसी सेल की प्रदेश कार्यकारिणी, जिला अध्यक्ष, हलका अध्यक्ष आदि मौजूद रहे।
================================================================
दिग्विजय चौटाला की बीजेपी सरकार को चेतावनी, "छात्र संघ चुनाव की बहाली नहीं हुई तो ईंट से ईंट बजा देंगे"
भाजपा की सोच किसानों की कमर तोड़ने वाली, मंडियों में बायोमेट्रिक जैसे काले कानून तुरंत वापस हो - दिग्विजय चौटाला
चंडीगढ़, 7 अप्रैल। जननायक जनता पार्टी के युवा प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला ने हरियाणा में प्रत्यक्ष रूप से छात्र संघ चुनाव करवाने की मांग उठाते हुए सरकार को चेतावनी दी है। दिग्विजय ने कहा कि अगर तीन महीने के अंदर भाजपा सरकार प्रदेश में प्रत्यक्ष रूप से छात्रसंघ चुनाव करवाने का नोटिफिकेशन जारी नहीं करती है तो इनसो युवाओं को साथ लेकर बड़ा आंदोलन करेगी और ईंट से ईंट बजाने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि आम घरों के बच्चों को राजनीति में सक्रिय करने के लिए छात्र चुनाव की बहाली बेहद जरूरी है। मंगलवार को दिग्विजय चौटाला कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में इनसो द्वारा आयोजित छात्र संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
दिग्विजय चौटाला ने कहा कि भाजपा सरकार लोगों को धर्म के नाम पर बांटकर शिक्षण संस्थानों को आरएसएस का अड्डा बनाना चाहती है, जो कि किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थानों में हरियाणा के पढ़ने वाले विद्यार्थियों का हक है, जिसके साथ छेड़छाड़ नहीं होनी दी जाएगी। दिग्विजय ने ये भी कहा कि विद्यार्थियों की सुविधा के लिए बीजेपी सरकार कुछ नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थानों में स्टाफ की कमी, सुविधाओं के अभाव के बावजूद फीस में बढ़ोतरी की जा रही है, जिसके खिलाफ इनसो आवाज बुलंद कर रही है।
इसके उपरांत दिग्विजय चौटाला ने कुरुक्षेत्र अनाज मंडी का दौरा भी किया और उन्होंने किसानों से मुलाकात करते हुए फसल खरीद के दौरान किसानों को आ रही समस्याओं को उठाया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार किसान विरोधी है। दिग्विजय ने कहा कि प्रदेश के कृषि मंत्री बरसात होने को गेहूं में इजाफा बता रहे है। इसी तरह कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी भी ओलावृष्टि होने पर मौसम को सुहाना बताती है। उन्होंने कहा कि भाजपा और आरएसएस वालों की सोच दर्शाती है कि कैसे किसानों की कमर तोड़ी जाए और ये लोग कभी किसानों का भला नहीं सोच सकते है। दिग्विजय ने ये भी कहा कि कृषि मंत्री को किसानों से माफी मांग कर अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। साथ ही दिग्विजय चौटाला ने कहा कि मंडियों में बायोमेट्रिक प्रणाली अंग्रेजों द्वारा लागू किए जाने वाले काले कानून जैसा है, जिसे भाजपा सरकार तुरंत वापस ले, अन्यथा जेजेपी आंदोलन छेड़ेगी। उन्होंने कहा कि आज जेजेपी लगातार मंडियों में जाकर किसानों की समस्याओं को उठा रही है।