सेना भर्ती कार्यालय के लिए किराये पर चाहिए भवन

हमीरपुर 07 मई। थल सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर के कार्यालय एवं आवास के लिए लगभग 900 से 950 वर्गमीटर या लगभग 10 हजार वर्ग फुट मकान की आवश्यकता है।
थल सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर के निदेशक कर्नल श्रीधर राजन ने बताया कि भवन का एरिया स्वतंत्र होना चाहिए। शुरुआती तौर पर यह भवन जून 2026 से 3 साल के लिए पट्टे पर लिया जाएगा और उसके बाद 3-3 साल की अवधि में इसका किराये बढ़ाया जाएगा। इच्छुक भवन मालिक थल सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर में या दूरभाष नंबर 01972-222214 पर संपर्क कर सकते हैं।

======================================

जिला सैनिक कल्याण कार्यालय में पंजीकरण करवाएं एमएनएस के सेवानिवृत्त कर्मी

हमीरपुर 07 मई। सैनिक कल्याण विभाग के उपनिदेशक स्क्वॉड्रन लीडर (सेवानिवृत्त) मनोज राणा ने बताया कि मिलिट्री नर्सिंग सेवा (एमएनएस) से सेवानिवृत्त कर्मचारियों को भी अब भूतपूर्व सैनिकों की श्रेणी में शामिल किया गया है।
उन्होंने बताया कि पूर्व सैनिक का दर्जा मुख्य रूप से थल सेना, नौसेना और वायु सेना से सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं जवानों तक सीमित था, लेकिन अब मिलिट्री नर्सिंग सेवा से सेवानिवृत्त कर्मचारी भी इस श्रेणी में शामिल कर दिए गए हैं। उपनिदेशक ने कहा कि जिला सैनिक कल्याण कार्यालय के पास अभी जिले में निवास कर रहे एमएनएस के सेवानिवृत्त कर्मियों का ब्यौरा उपलब्ध नहीं है।
इसलिए, जिला हमीरपुर में निवास कर रहे एमएनएस के सेवानिवृत्त कर्मचारी अतिशीघ्र जिला सैनिक कल्याण कार्यालय हमीरपुर में संपर्क करके अपना नाम दर्ज करवाएं और पूर्व सैनिक पहचान पत्र प्राप्त करें। इससे वे भूतपूर्व सैनिकों से संबंधित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे।

================================================

अंग्रेजी शिक्षकों की भर्ती परीक्षा का परिणाम घोषित

हमीरपुर 07 मई। हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) ने अंग्रेजी के शिक्षकों के 312 पदों (पोस्ट कोड 26002) को फिक्स मानदेय के आधार पर भरने के लिए 3 अप्रैल को आयोजित कंप्यूटर बेस्ड स्क्रीनिंग टेस्ट का परिणाम घोषित कर दिया है। परीक्षा का परिणाम आयोग की वेबसाइट एचपीआरसीए.एचपी.जीओवी.इन hprca.hp.gov.in पर उपलब्ध करवा दिया गया है।
आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि इस परीक्षा में उत्तीर्ण 489 उम्मीदवारों की डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन की प्रक्रिया 8 जून सुबह 10 बजे से आयोग के परिसर में आरंभ होगी, जिसका शेड्यूल अलग से अपलोड किया जाएगा और उम्मीदवारों को उनकी ईमेल आईडी पर सूचित किया जाएगा। उन्हें अलग से बुलावा पत्र नहीं भेजे जाएंगे। डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के समय इन उम्मीदवारों को अपने साथ सभी आवश्यक दस्तावेजों की मूल प्रतियां, इनकी सेल्फ अटेस्टड फोटो प्रतियों के दो-दो सैट, आवेदन पत्र की डॉउनलोडड कॉपी और आईडी प्रूफ इत्यादि साथ लाने होंगे।
सचिव ने बताया कि अगर कोई उम्मीदवार निर्धारित तिथि को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए उपस्थित नहीं होता है तो उसे कोई और अवसर नहीं दिया जाएगा।