डीसी ने किया लाइब्रेरी, रैडक्रॉस लैब, मेडिकल कालेज और नशा निवारण केंद्र का निरीक्षण
बाजार में पैदल चलकर ट्रैफिक व्यवस्था और पार्किंग की संभावनाओं का भी किया अवलोकन
हमीरपुर 15 मई। उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने शुक्रवार दोपहर बाद यहां जिला मुख्यालय में विभिन्न संस्थानों के परिसरों और मुख्य बाजार का निरीक्षण करके विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस अवसर पर उनके साथ एडीसी अभिषेक गर्ग भी उपस्थित रहे।
उपायुक्त ने सर्वप्रथम जिला पुस्तकालय का निरीक्षण करके वहां युवाओं के लिए उपलब्ध करवाई जा रही विभिन्न सुविधाओं की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि इस परिसर मंे आम पाठकों और विशेषकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए आवश्यक सुविधाओं के विस्तार की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं। इस दौरान उन्होंने कई विद्यार्थियों के साथ संवाद भी किया। स्कूल शिक्षा उपनिदेशक कमल किशोर भारती और विभाग के अन्य अधिकारियों ने उपायुक्त को पुस्तकालय में प्रदान की जा रही विभिन्न सुविधाओं की जानकारी दी।
इसके बाद कड़ी धूप में भी उपायुक्त मुख्य बाजार से पैदल ही जिला आयुर्वेदिक अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने जिला आयुर्वेदिक अस्पताल के पुराने भवन के परिसर के सदुपयोग और इसके आस-पास पार्किंग इत्यादि की संभावनाओं के बारे में अधिकारियों के साथ चर्चा की। उन्होंने मेडिकल कालेज अस्पताल के परिसर में संचालित की जा रही जिला रैडक्रॉस सोसाइटी की लैब में विभिन्न सुविधाओं का भी अवलोकन किया। उन्होंने रैडक्रॉस सोसाइटी के सचिव और अन्य अधिकारियों को अस्पताल परिसर के गेट पर रैडक्रॉस लैब में होने वाले टैस्टों तथा इनकी दरें प्रदर्शित करने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक लोग इस लैब का लाभ उठा सकें तथा रैडक्रॉस सोसाइटी की आय में भी बढ़ोतरी हो सके। उपायुक्त ने मेडिकल कालेज अस्पताल परिसर में ही रैडक्रॉस सोसाइटी की एंबुलैंस के लिए उपयुक्त स्थान चिह्नित करने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर मेडिकल कालेज अस्पताल के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. देशराज शर्मा, मेडिकल कालेज के अतिरिक्त निदेशक अवनिंदर सिंह, कालेज के अन्य अधिकारी एवं चिकित्सक, जिला रैडक्रॉस सोसाइटी के सचिव लवकेश शर्मा और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
इसके बाद उपायुक्त ने गौतम ग्रुप ऑफ कालेजिज के परिसर के पास संचालित किए जा रहे नशा निवारण केंद्र का निरीक्षण भी किया तथा यहां उपचाराधीन लोगों से बातचीत भी की। इस अवसर पर कार्यकारी सीएमओ डॉ. अजय अत्री और नशा निवारण केंद्र के संचालकों ने उपायुक्त को यहां उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं से अवगत करवाया।
======================================
मेडिकल कालेज परिसर और जिला रैडक्रॉस सोसाइटी की लैब का निरीक्षण करतीं उपायुक्त गंधर्वा राठौड़।
======================================
सुजानपुर और भोटा में थम गया चुनाव प्रचार, मतदान 17 को
सुजानपुर में 5804 और भोटा में 1162 मतदाता करेंगे अपने मताधिकार का प्रयोग
हमीरपुर 15 मई। नगर परिषद सुजानपुर और नगर पंचायत भोटा में शुक्रवार को 3 बजे चुनाव प्रचार समाप्त हो गया।
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि अब इन दोनों शहरी निकाय क्षेत्रों में 17 मई सायं 3 बजे तक किसी भी तरह की चुनावी जनसभा, जुलूस, सांस्कृतिक कार्यक्रम, टीवी-सिनेमा शो और सार्वजनिक बैठकों इत्यादि पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
उन्होंने बताया कि इन दोनों शहरी निकाय क्षेत्रों में 17 मई को सुबह 7 बजे से सायं 3 बजे तक मतदान होगा और इसके तुरंत बाद मतगणना आरंभ कर दी जाएगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदान और मतगणना की प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्वक ढंग से संपन्न करवाने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने बताया कि नगर परिषद सुजानपुर के 9 वार्डों में कुल 5804 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। उधर, नगर पंचायत भोटा के 7 वार्डों में 1162 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी मतदाताओं से मतदान में भाग लेने तथा इस प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्वक ढंग से संपन्न करवाने में सहयोग प्रदान करने की अपील की है।