चण्डीगढ़, 25.05.26- : श्री दिगम्बर जैन मंदिर, सेक्टर 27-बी में आज जैन मिलन, चंडीगढ़ द्वारा आयोजित मासिक नमोकार मंत्र पाठ एवं भक्ताम्बर दीपार्चना अत्यंत श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह के साथ संपन्न हुई। यह आयोजन पिछले लगभग 30 वर्षों से प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को निरंतर आयोजित किया जा रहा है, जिसमें टॉय-सिटी से बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेते हैं।

आज के कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण “सम्मान समारोह” रहा, जिसमें कक्षा 10वीं एवं 12वीं में 85% या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले 21 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। सम्मानित विद्यार्थियों में आरव जैन, सम्यक जैन, अथर्व जैन, कीर्ति जैन, वंशिका जैन, अलीशा जैन, श्रेयांश जैन, अर्नव जैन, खुशी जैन, गर्वित जैन, आशी जैन, यशस्वी जैन, अरनी जैन, जिनेन्द्र जैन, कनव जैन, अर्शिया जैन, कार्तिक जैन, सम्यक जैन, भविनी रस्तोगी, सिद्धि जैन सहित अन्य छात्र-छात्राएँ शामिल रहे।

समारोह में समाज के अनेक वरिष्ठ सदस्यों ने बच्चों को डिजिटल वॉच, मेडल एवं प्रशंसा-पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। सम्मान प्रदान करने वालों में धर्म बहादुर जैन, मोहिंदर कुमार जैन , दीपक जैन, एडवोकेट आदर्श जैन, हरीश जैन, कैलाश जैन, रमेश जैन, सुदर्शन जैन, नीरज जैन, किशोरी लाल जैन सहित अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।

भारतीय जैन मिलन के क्षेत्रीय अध्यक्ष संत कुमार जैन भी विशेष रूप से कार्यक्रम में उपस्थित रहे तथा उन्होंने मंच संचालन कर कार्यक्रम को सफल बनाया।