हीटवेव से बचाव को लेकर जिला प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी
उपायुक्त राहुल कुमार ने नागरिकों से सतर्क रहने और स्वास्थ्य सुरक्षा उपाय अपनाने की अपील की
बिलासपुर, 29 मई: जिला बिलासपुर में लगातार बढ़ते तापमान और हीटवेव की संभावित परिस्थितियों को देखते हुए उपायुक्त एवं अध्यक्ष जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण बिलासपुर राहुल कुमार ने नागरिकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अत्याधिक गर्मी और लू स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकती है तथा समय रहते सावधानी बरतकर हीट एग्जॉशन और हीट स्ट्रोक जैसी गंभीर स्थितियों से बचा जा सकता है।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण तथा भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार नागरिकों को दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच अनावश्यक रूप से धूप में बाहर निकलने से बचना चाहिए। प्यास न लगने पर भी पर्याप्त मात्रा में पानी पीना चाहिए तथा ओआरएस, नींबू पानी, छाछ, लस्सी और नारियल पानी जैसे पेय पदार्थों का नियमित सेवन करना चाहिए।
उपायुक्त ने कहा कि नागरिक हल्के रंग के ढीले एवं सूती वस्त्र पहनें तथा घर से बाहर निकलते समय छाता, टोपी, चश्मा और उपयुक्त जूतों का उपयोग करें। चाय, कॉफी, शराब तथा अधिक शर्करा युक्त ठंडे पेय पदार्थों के अत्यधिक सेवन से बचना चाहिए। इसके अतिरिक्त बासी, अत्यधिक मसालेदार और भारी भोजन के सेवन को भी सीमित रखने की सलाह दी गई है।
उन्होंने कहा कि घरों को ठंडा रखने के लिए पर्दों, पंखों तथा उचित वेंटिलेशन का उपयोग किया जाए। बच्चों और पालतू जानवरों को किसी भी स्थिति में बंद वाहनों में अकेला न छोड़ा जाए। बुजुर्गों, बच्चों, गर्भवती महिलाओं तथा बाहर कार्य करने वाले श्रमिकों का विशेष ध्यान रखा जाना आवश्यक है।
राहुल कुमार ने बताया कि अत्याधिक पसीना आना, कमजोरी, चक्कर आना, सिरदर्द, मांसपेशियों में ऐंठन, मतली अथवा उल्टी होना हीट एग्जॉशन के प्रमुख लक्षण हो सकते हैं। वहीं शरीर का तापमान अत्यधिक बढ़ जाना, त्वचा का गर्म एवं शुष्क हो जाना, भ्रम की स्थिति, बेहोशी या अचानक गिर जाना तथा दौरे पड़ना हीट स्ट्रोक के संकेत हो सकते हैं, जो एक चिकित्सीय आपातकाल है।
उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति में हीट स्ट्रोक के लक्षण दिखाई दें तो उसे तुरंत छायादार या ठंडी जगह पर ले जाएं, शरीर को ठंडा करने के लिए ठंडे पानी की पट्टियां लगाएं अथवा ठंडे पानी का छिड़काव करें। यदि व्यक्ति होश में हो तो उसे पानी या ओआरएस दिया जा सकता है। साथ ही बिना विलंब चिकित्सीय सहायता प्राप्त की जानी चाहिए।
उपायुक्त ने जिला के सभी विभागों, पंचायत प्रतिनिधियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा कार्यकर्ताओं तथा स्वयंसेवी संगठनों से भी लोगों को हीटवेव से बचाव संबंधी जानकारी पहुंचाने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि समय पर सावधानी और जागरूकता ही हीटवेव के दुष्प्रभावों से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि गर्मी के मौसम में पर्याप्त पानी पीकर, तेज धूप से बचकर तथा स्वास्थ्य संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन कर स्वयं और अपने परिवार को सुरक्षित रखें। समय पर सावधानी ही सुरक्षा है।
========================================
तीसरे और अंतिम चरण के चुनाव में 86 हजार 676 मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग
पंचायतीराज संस्थाओं के दूसरे चरण में जिला की 58 ग्राम पंचायतों में होगा मतदान
बिलासपुर, 29 मई: जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने कहा कि जिला बिलासपुर में पंचायती राज संस्थाओं के तीसरे व अंतिम चरण में 30 मई को होने जा रहे मतदान के लिए प्रशासन ने सभी तैयारियों को पूर्ण कर लिया है। तीसरे चरण में जिला की 58 ग्राम पंचायतों में कुल 86 हजार 676 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। जिनमें 43 हजार 448 पुरुष तथा 43 हजार 228 महिला मतदाता शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि जिला में तीसरे चरण के लिए कुल 326 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। जिनमें 227 मतदान केंद्र सामान्य श्रेणी के, 74 संवेदनशील तथा 25 अति संवेदनशील मतदान केंद्र शामिल हैं। उन्होंने बताया कि सभी संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान और मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के विशेष प्रबंध किए गए हैं ताकि मतदान और मतगणना प्रक्रिया शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न हो सके।
उपायुक्त ने बताया कि तृतीय चरण में सदर विकास खंड की 15 पंचायतों के 79 वार्ड, घुमारवीं विकास खंड की 21 पंचायतों के 123 वार्ड, झंडूता विकास खंड की 15 पंचायतों के 87 वार्ड तथा श्री नैना देवी जी विकास खंड की 7 पंचायतों के 37 वार्डों सहित कुल 326 वार्ड शामिल हैं।
राहुल कुमार ने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा है कि सभी मतदाता लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़ कर भाग लें तथा बिना किसी भय या प्रलोभन के अपने मताधिकार का प्रयोग करें। उन्होंने कहा कि मतदान के दौरान निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करना प्रत्येक मतदाता की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि मतदान दिवस पर प्रत्येक मतदाता अपने साथ निर्वाचन आयोग द्वारा जारी एपिक कार्ड अथवा कोई वैध पहचान पत्र जैसे आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट या पैन कार्ड अवश्य लेकर आएं। मतदाता मतदान केंद्र पहुंचने से पहले मतदाता सूची में अपना नाम तथा क्रमांक संख्या अवश्य जांच लें। मतदान का समय सुबह 7 बजे से अपराह्न 3 बजे तक निर्धारित किया गया है।
उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों पर शांति एवं अनुशासन बनाए रखें तथा महिला, दिव्यांग और बुजुर्ग मतदाताओं का सहयोग करें। मतदाता अपनी बारी का धैर्यपूर्वक इंतजार करें तथा गर्मी से बचाव के लिए अपने साथ छाता और पानी आदि लेकर आएं। मतदान की गोपनीयता बनाए रखना प्रत्येक मतदाता की जिम्मेदारी है, इसलिए बैलेट पेपर पर मुहर लगाते समय किसी को भी मतदान की जानकारी न दें।
उपायुक्त ने मतदाताओं से यह भी आग्रह किया है कि मतदान केंद्र के भीतर मोबाइल फोन या कैमरा लेकर न जाएं। मतदान केंद्र के 100 मीटर के दायरे में किसी भी राजनीतिक दल का चुनाव चिन्ह, टोपी, गमछा, पर्चा या प्रचार सामग्री प्रतिबंधित है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार के प्रलोभन में आकर मतदान न करें तथा किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर वोट डालने का प्रयास न करें। बैलेट पेपर की फोटो खींचना तथा मतदान की गोपनीयता भंग करना दंडनीय अपराध है। मतदाता बैलेट पेपर पर हस्ताक्षर या नाम न लिखें तथा केवल निर्धारित चुनाव चिन्ह पर ही मुहर लगाएं।
उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों के मतों की गणना मतदान समाप्त होने के बाद की जाएगी जबकि पंचायत समिति एवं जिला परिषद के मतों की गणना 31 मई को निर्धारित मतगणना स्थलों में की जाएगी।
तीसरे चरण में जिला की इन 58 ग्राम पंचायतों में होगा मतदान
जिला बिलासपुर में पंचायती राज संस्थाओं के तृतीय एवं अंतिम चरण 30 मई को 58 ग्राम पंचायतों में मतदान करवाया जाएगा, जिनमें विकास खण्ड झण्डुता की ग्राम पंचायत डूडीयां, बडगांव गलू, बलोह, सनीहरा, नघियार, घंडीर, मौहीं, बडोल, बैरी-दडौला, निहाण, विजयपुर, दाडी-भाडी, बाला, दसलेहडा तथा झण्डुता शामिल है। इसी तरह विकास खण्ड घुमारवीं के अंतर्गत ग्राम पंचायत बकरोआ, पनौल, सियुनखास, मल्यावर, हवाण, कोठी, छत, पपलाह, तलवाड़ा, कोट, मैहरीकाथला, पटेर, सलाओं उपरली, लैहडीसरेल, तडौन, दधोल, पलासला, घुमारवीं, बाड़ी मंझेडवां, तियुणखास तथा छदोह जबकि विकास खण्ड सदर के अंतर्गत ग्राम पंचायत नौणी, बेनला-ब्राह्मणा, कंदरौर, जमथल, धौनकोठी, सोलग जुरासी, नोग, स्योहला, मैहथी, कल्लर, निहारखन बासला, दिगथली, सोलधा, भोली तथा ओयल शामिल है। इसी दिन श्रीनैना देवी जी विकासखण्ड के अंतर्गत ग्राम पंचायत बैहल, नकराणा, सलोआ, ग्वालथाई, तरसूह, कोलांवाला टोबा तथा रौडजामन ग्राम पंचायतों में चुनाव संपन्न होगा।
==========================================
प्रदेश में शारीरिक शिक्षा अध्यापकों (जॉब ट्रेनी) के बैच आधार पर भरे जा रहे 130 पद
जिला बिलासपुर से भरे जाएंगे 10 पद, 3 और 4 जून को आयोजित होगी काउंसलिंग प्रक्रिया
बिलासपुर 29 मई: स्कूल शिक्षा निदेशालय हिमाचल प्रदेश द्वारा शारीरिक शिक्षा अध्यापकों (जॉब ट्रेनी) के 130 पदों को बैच आधार पर भरा जा रहा है, जिनमें जिला बिलासपुर के 10 पद भी शामिल है। जिला के इन 10 पदों के लिए आगामी 3 और 4 जून को उप-निदेशक स्कूल शिक्षा (प्रारम्भिक) बिलासपुर में काउंसलिंग प्रक्रिया आयोजित की जा रही है।
इस बारे जानकारी देते हुए उप-निदेशक स्कूल शिक्षा (प्रारम्भिक) बिलासपुर अरुण गौतम ने बताया कि जिला बिलासपुर के 10 पदों में से 5 पद सामान्य अनारक्षित श्रेणी, 01 पद ईडब्ल्यूएस श्रेणी, 01 पद ओबीसी अनारक्षित तथा 03 पद अनुसूचित जाति अनारक्षित श्रेणी से भरे जा रहे है। उन्होंने बताया कि अनारक्षित सामान्य श्रेणी के लिए बैच 31 दिसम्बर 2005, ईडब्ल्यूएस श्रेणी के लिए 31 दिसम्बर 2006, अन्य पिछड़ा वर्ग अनारक्षित श्रेणी के लिए बैच 31 दिसम्बर 2007 तथा अनुसूचित जाति अनारक्षित श्रेणी के लिए बैच 31 दिसम्बर 2007 के उम्मीदवार पात्र है। उन्होंने बताया कि उपरोक्त बैच से सम्बन्धित किसी अभ्यर्थी का नाम अगर संबंधित रोजगार कार्यालय द्वारा नहीं भेजा गया है तथा सम्बन्धित रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो ऐसे अभ्यार्थी 04 जून 2026 को अपराहन 2 से 5 बजे तक काउंसलिंग में भाग ले सकते है।
उन्होंने बताया कि काउंसलिंग प्रक्रिया में वही अभ्यार्थी भाग ले सकते है जो शारीरिक शिक्षा शिक्षक के भर्ती एवं पदोन्नति नियम 10 जनवरी, 2011 के अनुसार पात्र है। इस संबंध में विस्तृत जानकारी स्कूल शिक्षा विभाग की वैबसाइट https://ddhebilaspurhp.edu.in/ पर उपलब्ध है। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए पात्र अभ्यार्थी कार्यालय के दूरभाष नम्बर 01978-222589 पर किसी भी कार्यदिवस पर प्रातः 10 से सायं 5 बजे तक संपर्क कर सकते है।