चम्बा, 10 जुलाई -मेरा युवा भारत, चंबा के तत्वावधान में आज जिला युवा सेवाएं अधिकारी राहुल गर्ग की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति की प्रथम बैठक मेरा युवा भारत कार्यालय, चंबा में आयोजित की गई। उल्लेखनीय है कि जिला समन्वय समिति का गठन 7 जुलाई 2026 को किया गया था।

बैठक में जिले में चल रहे इंटेंसिव रजिस्ट्रेशन ड्राइव की प्रगति की समीक्षा की गई तथा अधिक से अधिक युवाओं का मेरा युवा भारत पोर्टल पर पंजीकरण सुनिश्चित करने हेतु विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने पर विस्तार से चर्चा हुई। साथ ही, मेरा युवा भारत पोर्टल के प्रभावी उपयोग एवं इसके माध्यम से युवाओं को उपलब्ध विभिन्न अवसरों की जानकारी व्यापक स्तर पर पहुँचाने पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक के दौरान युवा एवं खेल गतिविधियों के प्रभावी संचालन हेतु खेल विभाग एवं मेरा युवा भारत के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करने पर चर्चा की गई। इसके अतिरिक्त युवाओं के लिए रोज़गार एवं स्वरोज़गार के अवसरों, कौशल विकास तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने के उपायों पर भी विचार साझा किए गए।
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि मेरा युवा भारत पोर्टल के माध्यम से आईआईएससी बेंगलुरु के सहयोग से सेमीकंडक्टर विषय पर ऑनलाइन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस प्रशिक्षण के लिए बी.टेक. स्नातक आवेदन करने के पात्र हैं। इच्छुक अभ्यर्थी मेरा युवा भारत पोर्टल पर जाकर इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए आवेदन कर सकते हैं।
इसके अतिरिक्त एचआईवी एड्स एवं टीबी (क्षय रोग) के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने, युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने तथा इन विषयों पर संयुक्त जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने पर भी विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने युवाओं के सर्वांगीण विकास तथा विभिन्न विभागों के समन्वय से जनहितकारी कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने का संकल्प व्यक्त किया।