ऊना, 10 जुलाई. हरोली विधानसभा क्षेत्र में उच्च शिक्षा के बुनियादी ढांचे को नई मजबूती मिलने जा रही है। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री 11 जुलाई को प्रातः 10:30 बजे प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री राजकीय डिग्री कॉलेज, हरोली के नवनिर्मित शैक्षणिक भवन का लोकार्पण करेंगे।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र में ही आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर आधारभूत ढांचे का विस्तार कर रही है। इसी क्रम में महाविद्यालय का नया शैक्षणिक भवन तैयार किया गया है। परिसर में आधुनिक मंच, ओपन जिम, वॉलीबॉल एवं बैडमिंटन कोर्ट तथा कैंपस कैफेटेरिया जैसी सुविधाएं भी विकसित की गई हैं, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रमीय वातावरण उपलब्ध होगा।
उन्होंने बताया कि महाविद्यालय में वर्तमान में बीए, बी.कॉम, बीसीए, बीबीए, बी.एससी. (मेडिकल एवं नॉन-मेडिकल), एम.कॉम तथा राजनीति शास्त्र, अंग्रेज़ी, इतिहास और हिंदी विषयों में एम.ए. की पढ़ाई संचालित है। नए शैक्षणिक सत्र से पीजीडीसीए और बी.एससी. कंप्यूटर साइंस की कक्षाएं भी आरंभ की जा रही हैं। इसके अतिरिक्त बॉटनी, केमिस्ट्री, फिजिक्स और जूलॉजी विषयों के लिए अत्याधुनिक मॉड्यूलर साइंस लैब्स स्थापित करने की स्वीकृति भी मिल चुकी है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक शैक्षणिक ढांचे, नई प्रयोगशालाओं और रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों के विस्तार से हरोली क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए बाहर जाने की आवश्यकता कम होगी। तकनीक आधारित शिक्षा को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ युवाओं के लिए नए शैक्षणिक एवं करियर अवसर भी उपलब्ध होंगे।