अंतर्राष्ट्रीय मिंजर मेला-2026 के दौरान आयोजित होगी 'मिस मिंजर क्वीन' सौंदर्य प्रतियोगिता:-उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल
31 जुलाई से 2 अगस्त तक तीन चरणों में होगी प्रतियोगिता
चम्बा, 21 जुलाई-उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने सभी को अंतर्राष्ट्रीय मिंजर मेले की शुभकामनायें देते हुए बताया कि अंतर्राष्ट्रीय मिंजर मेला-2026 के दौरान 'मिस मिंजर क्वीन' सौंदर्य प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के लिए ऑनलाइन ऑडिशन प्रक्रिया 21 जुलाई से प्रारंभ कर दी गई है, जबकि ऑफलाइन ऑडिशन 22 जुलाई को गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज, चम्बा में आयोजित होगा जिसके लिए पंजीकरण शुल्क 200 रूपये निर्धारित किया गया है। प्रतियोगिता में 15 से 25 वर्ष आयु वर्ग की युवतियाँ भाग ले सकेंगी।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता 31 जुलाई से 2 अगस्त तक तीन चरणों में आयोजित की जाएगी। प्रथम चरण में राज्य वेशभूषा चरण, द्वितीय चरण में राष्ट्रीय वेशभूषा चरण तथा अंतिम चरण में प्रश्नोत्तर चरण आयोजित किया जाएगा, जिसके आधार पर विजेताओं का चयन किया जाएगा।
प्रतियोगिता में प्रथम विजेता को 51 हजार, द्वितीय विजेता को 31 हजार तथा तृतीय विजेता को 21 हजार की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने कहा कि मिंजर मेला चम्बा की सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों से स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है तथा चम्बा की सांस्कृतिक धरोहर और पर्यटन को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलती है। उन्होंने जिले की पात्र एवं इच्छुक युवतियों से इस प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
प्रतियोगिता से संबंधित अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 8580809951 पर संपर्क किया जा सकता है।