छात्रों पर अत्याचार की इंतहा, दिग्विजय चौटाला ने किया दिल्ली कूच
July 23, 2026 06:16 PM
चंडीगढ़, 23 जुलाई। दिल्ली में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज और बढ़ते अत्याचार के विरोध में जननायक जनता पार्टी के युवा प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला ने बड़ा कदम उठाया है। युवाओं को न्याय दिलाने के लिए अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे दिग्विजय चौटाला ने अब देश की राजधानी में प्रदर्शन कर रहे छात्रों के बुलावे पर दिल्ली की ओर कूच कर दिया है। दिग्विजय ने कहा कि युवा विरोधी भाजपा सरकार को नींद से जगाने के लिए दिल्ली स्थित जंतर-मंतर पर ही पक्का धरना दिया जाएगा और संगठित होकर युवाओं के हकों की लड़ाई को मजबूती से लड़ा जाएगा। वीरवार शाम को दिग्विजय चौटाला युवाओं के विशाल काफिले के साथ सिरसा से दिल्ली की तरफ रवाना हुए। इस दौरान उन्होंने समूचे हरियाणा के युवाओं से दिल्ली कूच का आह्वान किया। इससे पहले सिरसा स्थित टाउन पार्क में उनका धरना जारी रहा और दिनभर यूनिवर्सिटी और कॉलेज के छात्रों ने आकर धरने को न केवल समर्थन दिया बल्कि अपने विचार भी साझे किए। दिग्विजय चौटाला बुधवार रात को युवाओं के साथ धरना स्थल पर ही डटे रहे।
दिल्ली कूच करते हुए दिग्विजय चौटाला ने कहा कि हमने दिल्ली में छात्रों पर हुए अत्याचार के खिलाफ लड़ाई लड़ने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारी छात्रों से विचार-विमर्श के बाद हमने सिरसा में धरना दिया था और अब छात्रों के बुलावे पर ही दिल्ली कूच कर रहे है। दिग्विजय ने कहा कि पुलिस की ज्यादती लगातार जारी है और बुधवार रात को भी छात्रों के साथ धक्काशाही की गई। उन्होंने कहा कि पुलिस के प्रति भारी आक्रोश है क्योंकि जो बर्बरता पुलिस ने छात्रों के साथ की है, वो पुलिस के रूप में रक्षक नहीं बल्कि भक्षक वाली है। दिग्विजय ने कहा कि जो जख्म छात्र-छात्राओं को दिए है, उन्हें हमेशा इतिहास में काला अध्याय के रूप में जाना जाएगा।
जेजेपी युवा प्रदेशाध्यक्ष दिग्विजय चौटाला ने भाजपा सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि केवल झूठे वादों से काम नहीं चलेगा और भाजपा के लोग पूर्व कांग्रेस सरकार के गुनाहों को दोहराकर अपना पल्ला नहीं झाड़ सकते। उन्होंने कहा कि आज युवा वर्ग शिक्षा व्यवस्था में सुधार को लेकर सरकार से जवाब मांग रहा है और सरकार जवाबदेही की बजाय उल्टा छात्रों पर ही अत्याचार करने में जुटी हुई है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को अपना अहंकारी रवैया छोड़ना पड़ेगा और निश्चित तौर पर सरकार को युवाओं के संघर्ष के आगे झुकना ही पड़ेगा।
For further display of news in English with photographs in JPG file on "indianewscalling.com"
CONTACT: M.M.Khanna, Web-Master cum Director
Location: 585, Shantivan Housing Coop Society,
Sector-48 A, Chandigarh-160047
Ph: 0172-4620585 , Mobiles: 09217737625 & 9877215655
Email: mmk.vvi@gmail.com & mmkhanna585@yahoo.com
Share this News/Article on Facebook Share this News/Article on Facebook