चंडीगढ़, 26 जुलाई 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 136वें एपिसोड का भारतीय जनता पार्टी, चंडीगढ़ प्रदेश महिला मोर्चा द्वारा महाजन भवन सेक्टर 37 में सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष सोनम वर्मा की अध्यक्षता में हुआ, जिसमें भाजपा कार्यकर्ताओं एवं बड़ी संख्या में मातृशक्ति ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए प्रधानमंत्री के प्रेरणादायक विचारों को सुना।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा, संजय टंडन, ‘मन की बात’ के संयोजक एवं प्रदेश महामंत्री रामबीर भट्टी, सह-संयोजक दीपक मल्होत्रा, जिला अध्यक्ष रेखा सूद, मंडल अध्यक्ष योगेश कुमार कुमावत, प्रदेश महिला मोर्चा महामंत्री रूबी गुप्ता, प्रदेश सचिव काशिश महाजन तथा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष पूजा राजपूत सहित भाजपा के विभिन्न मोर्चों, जिला एवं मंडल स्तर के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में प्रसारित ‘मन की बात’ के 136वें एपिसोड के प्रमुख संदेशों के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कारगिल विजय दिवस के अवसर पर देश के वीर जवानों और शहीदों को नमन करते हुए उनके अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान को याद किया। उन्होंने देश की बढ़ती रक्षा क्षमता और आत्मनिर्भर भारत की शक्ति का उल्लेख करते हुए स्वदेशी तकनीक, रक्षा उत्पादन तथा वैज्ञानिकों एवं इंजीनियरों के योगदान की सराहना की।
प्रधानमंत्री ने देशवासियों से जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान करते हुए वर्षा जल संचयन, भूजल रिचार्ज, जल स्रोतों के पुनर्जीवन और पर्यावरण संरक्षण पर जोर दिया। उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के माध्यम से प्रकृति संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने का संदेश दिया।
प्रधानमंत्री ने प्लास्टिक प्रदूषण से निपटने और Reduce, Reuse एवं Recycle को जीवन का हिस्सा बनाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने देशवासियों से स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।
उन्होंने देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, स्थानीय परंपराओं, कला, संगीत, हथकरघा एवं हस्तशिल्प को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। प्रधानमंत्री ने ‘वोकल फॉर लोकल’ की भावना को मजबूत करने और स्थानीय उत्पादों को अपनाने का आह्वान करते हुए देश के कारीगरों, बुनकरों और छोटे उद्यमियों को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया।
प्रधानमंत्री ने देश की युवा प्रतिभाओं, विज्ञान एवं नवाचार के क्षेत्र में भारत की उपलब्धियों तथा समाज और प्रकृति के संरक्षण के लिए देशभर में किए जा रहे प्रेरणादायक प्रयासों का उल्लेख किया। उन्होंने देशवासियों से राष्ट्रहित में जनभागीदारी को मजबूत करने और सकारात्मक सामाजिक परिवर्तन के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में उपस्थित भाजपा कार्यकर्ताओं एवं मातृशक्ति ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि देशवासियों को जनभागीदारी, राष्ट्रसेवा, स्वदेशी, पर्यावरण संरक्षण और सकारात्मक सामाजिक परिवर्तन के लिए प्रेरित करने वाला प्रभावशाली जनसंचार माध्यम बन चुका है।
भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष सोनम वर्मा ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं एवं बहनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रेरणादायक विचारों को जन-जन तक पहुंचाना और उनके आह्वान को जनभागीदारी के माध्यम से धरातल पर उतारना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने सभी से राष्ट्रहित में एकजुट होकर समाज और देश के विकास में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।