चंडीगढ़/बरनाला, 29 जुलाई, 2026:- मानव सेवा की भावना को साकार करते हुए के.सी. रोड स्थित संत निरंकारी सत्संग भवन, बरनाला में सिविल अस्पताल बरनाला के सहयोग से एक निःशुल्क नेत्र जांच एवं परामर्श शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 200 लोगों ने अपनी आंखों की जांच कराकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्राप्त किया।
नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. अनमोलदीप कौर एवं उनकी टीम ने आधुनिक चिकित्सा परामर्श के साथ मरीजों की विस्तृत जांच की। आवश्यकता अनुसार मरीजों को निःशुल्क दवाईयां उपलब्ध कराई गईं, जबकि कमजोर दृष्टि वाले लाभार्थियों को निःशुल्क चश्मे वितरित किए गए। जिन मरीजों में शल्य चिकित्सा की आवश्यकता पाई गई, उन्हें आगे के उपचार हेतु सिविल अस्पताल बरनाला रेफर कर दिया गया।
इस अवसर पर संत निरंकारी मिशन बरनाला ब्रांच के संयोजक श्री जीवन गोयल ने सिविल अस्पताल बरनाला द्वारा आयोजित इस जनकल्याणकारी पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ जरूरतमंदों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज की पावन प्रेरणा से संत निरंकारी मिशन निःस्वार्थ सेवा, करुणा और मानव कल्याण के मूल्यों को जीवन में उतारते हुए समय-समय पर स्वास्थ्य, पर्यावरण एवं अन्य जनहितकारी गतिविधियों के माध्यम से समाज की सेवा में निरंतर सक्रिय भूमिका निभा रहा है।