चण्डीगढ़, 29.07.26- : ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन, चण्डीगढ़ के वाइस प्रेसिडेंट एवं राजस्थान परिवार संस्था के संस्थापक समाजसेवी पवन शर्मा ने पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया से राजभवन में मुलाकात कर परिवहन और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की।
इस दौरान सेक्टर-32 अस्पताल के नर्सिंग ऑफिसर विजय कुमार, इंद्रजीत कौर, समाजसेवी संदीप शर्मा तथा उनके सहयोगी अजीत झा भी मौजूद रहे।
सेक्टर-32 अस्पताल के नर्सिंग ऑफिसर से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। राज्यपाल ने उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और मामले में आगे की कार्रवाई के लिए प्रतिनिधिमंडल को बुधवार को दोबारा मिलने के लिए कहा।
बैठक में पवन शर्मा ने लंबे समय से बंद पड़ी कालका-बाड़मेर ट्रेन सेवा को दोबारा शुरू करने की मांग प्रमुखता से उठाई। इस पर राज्यपाल ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए कहा कि यदि पुरानी ट्रेन सेवा बहाल नहीं हो पाती है तो नई ट्रेन शुरू कराने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
पवन शर्मा ने खाटू श्याम, करणी माता और गुगामाड़ी के लिए तीन नई बस सेवाएं जल्द शुरू कराने का भी आग्रह किया। उन्होंने राज्यपाल से परिवहन सचिव लाकड़ा से इस संबंध में चर्चा कर आवश्यक परमिट शीघ्र जारी करवाने का अनुरोध किया। पवन शर्मा ने बताया कि इस विषय पर पहले से ही सकारात्मक प्रगति हो रही है।
बैठक के दौरान ट्रांसपोर्ट सेक्टर से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया गया। राज्यपाल ने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी ली। पवन शर्मा ने उन्हें ट्रांसपोर्ट एरिया का दौरा करने का निमंत्रण दिया तथा वहां लंबे समय से लंबित लेबर हॉस्टल के निर्माण कार्य को जल्द शुरू कराने का भी अनुरोध किया।
प्रतिनिधिमंडल ने विश्वास जताया कि प्रशासक के सकारात्मक आश्वासन से परिवहन क्षेत्र और जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण मामलों के समाधान की दिशा में तेजी आएगी।