लंज, 7 अगस्त-प्रदेश सरकार के उपमुख्य सचेतक एवं शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक केवल सिंह पठानिया ने शुक्रवार को अपने लंज प्रवास के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लंज का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की। इस अवसर पर उन्होंने लगभग तीन लाख रुपये की लागत से स्थापित आधुनिक डेंटल चेयर का लोकार्पण कर इसे क्षेत्र की जनता को समर्पित किया। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का निरीक्षण करने के साथ निर्माणाधीन नए सीएचसी भवन का भी जायजा लिया तथा बाद में लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह, लंज में आमजन की समस्याएं भी सुनीं।
उपमुख्य सचेतक ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। अस्पतालों में आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ-साथ स्वास्थ्य संस्थानों के आधारभूत ढांचे को भी सुदृढ़ किया जा रहा है, ताकि लोगों को अपने क्षेत्र में ही बेहतर उपचार उपलब्ध हो सके।
उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध दवाइयों, साफ-सफाई, चिकित्सा सेवाओं तथा मरीजों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों को निर्देश दिए कि मरीजों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं संवेदनशील स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।
केवल सिंह पठानिया ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि सोमवार तक सीएचसी लंज में आरवीजी (RVG) डिजिटल डेंटल एक्स-रे एवं डेंटल एक्स-रे की सुविधा उपलब्ध करवाई जाए। उन्होंने घोषणा की कि इसके लिए आवश्यक 1 लाख 10 हजार रुपये की राशि वे अपने स्तर पर उपलब्ध करवाएंगे।
उन्होंने कहा कि सीएचसी लंज में शीघ्र ही अल्ट्रासाउंड मशीन भी स्थापित की जाएगी, जिससे लंज एवं आसपास की पंचायतों के हजारों लोगों को स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा तथा उन्हें उपचार के लिए दूरस्थ स्थानों पर नहीं जाना पड़ेगा।
इसके उपरांत उपमुख्य सचेतक ने निर्माणाधीन नए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी एजेंसी को निर्माण कार्य निर्धारित समयावधि में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नए भवन के बनने से क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं का और अधिक विस्तार होगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर परिवहन सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए भी प्रतिबद्ध है तथा आज लंज क्षेत्र के लिए इलेक्ट्रिक बस सेवा को हरी झंडी दिखाई जाएगी, जिससे स्थानीय लोगों को सुरक्षित, सुगम एवं पर्यावरण अनुकूल परिवहन सुविधा प्राप्त होगी।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बीते साढ़े तीन वर्षों के दौरान लंज क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास कार्य हुए हैं। उन्होंने बताया कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय लंज को सीबीएसई से संबद्ध करवाया गया, भारतीय स्टेट बैंक की शाखा प्रारंभ करवाई गई, सीएचसी भवन का निर्माण कार्य तीव्र गति से चल रहा है, तथा राजकीय महाविद्यालय लंज में बीसीए, पीजीडीसीए एवं बीबीए जैसे व्यावसायिक पाठ्यक्रम शुरू करवाए गए हैं। साथ ही महाविद्यालय में आधुनिक कंप्यूटर लैब भी स्थापित की गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार चंगर क्षेत्र को विकास का नया केंद्र बनाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रही है।
अस्पताल निरीक्षण के उपरांत केवल सिंह पठानिया लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह, लंज पहुंचे, जहां उन्होंने क्षेत्र के लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान लोगों ने सड़क, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य, राजस्व तथा अन्य विकास कार्यों से संबंधित मांगें उनके समक्ष रखीं। उपमुख्य सचेतक ने अधिकांश मामलों में संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा शेष मामलों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जनहित एवं विकास कार्यों के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है तथा आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों से विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं जवाबदेही बनाए रखने का भी आह्वान किया।
इस अवसर पर चकवन गौड के 16 लोगों ने उपमुख्य सचेतक एवं शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया के नेतृत्व में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। उपमुख्य सचेतक ने सभी नव-शामिल सदस्यों का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और विकासात्मक कार्यों से प्रभावित होकर लोगों का कांग्रेस पार्टी के प्रति विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है। उन्होंने नव-शामिल सदस्यों से संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा जनसेवा के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर उनकी धर्मपत्नी सुंनीदा पठानिया, एसडीएम अंजलि गर्ग, लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता विकास सूद, मुख्य चिकित्सा अधिकारी (बीएमओ) डॉ. विक्रम कटोच ,नायब तहसीलदार संजय शर्मा, बीडीओ पारुल पटियाल, पूर्व अध्यक्ष सुमन मैहरा ,वीडीसी उपाध्यक्ष पूनम देवी, प्रधान डडोली वीना ,लंज खास सर्वजीत सिंह, अप्पर लंज कुलबीर भंडारी,
स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सक एवं कर्मचारी, कांग्रेस पार्टी कार्यकर्ता, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।