धर्मशाला, 9 अगस्त। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री चामुंडा नंदिकेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना कर शीश नवाया तथा प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
पंडित व्यास शर्मा ने पूरे विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना करवाई। इस दौरान उपमुख्यमंत्री ने मंदिर प्रशासन से व्यवस्थाओं की जानकारी ली और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की समृद्ध धार्मिक एवं आध्यात्मिक परंपरा प्रदेश की विशिष्ट पहचान है। शक्तिपीठों और देवस्थलों में देश-प्रदेश से श्रद्धालु आस्था के साथ पहुंचते हैं तथा इन धार्मिक स्थलों का संरक्षण एवं विकास सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने मंदिर परिसर में चल रहे सौंदर्यीकरण कार्य का निरीक्षण किया और कार्य की प्रगति की जानकारी ली।
इस अवसर पर हिमाचल पथ परिवहन निगम के उपाध्यक्ष अजय वर्मा, एचआरटीसी के मंडलीय प्रबंधक पंकज चड्ढा, जल शक्ति विभाग के मुख्य अभियंता दीपक गर्ग, अधीक्षण अभियंता विशाल, शिव मंदिर के पुजारी बाबी गोस्वामी, पवन गोस्वामी, सुरेंद्र सहित अन्य उपस्थित रहे।