सड़क दुर्घटनाओं के 14 घायलों को मिली कैशलैस इलाज की सुविधा
उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने की जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक की अध्यक्षता
हमीरपुर 10 अगस्त। उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने सोमवार को जिला सड़क सुरक्षा समिति की मासिक बैठक की अध्यक्षता करके जिला में सड़क दुर्घटनाओं के मामलों, इन दुर्घटनाओं को रोकने के उपायों, जागरुकता कार्यक्रमों और सड़क सुरक्षा से संबंधित अन्य मुद्दों पर अधिकारियों के साथ व्यापक चर्चा की।
इस अवसर पर उपायुक्त ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं के घायलों के लिए पीएम-राहत योजना के तहत डेढ़ लाख रुपये तक के कैशलैस इलाज का प्रावधान है। जिला हमीरपुर में भी यह योजना आरंभ कर दी गई है और अभी हाल ही में हुई सड़क दुर्घटनाओं में घायल 14 लोगों को यह सुविधा प्रदान की गई है।
उपायुक्त ने कहा कि इस वर्ष जुलाई महीने के दौरान जिला में 12 सड़क दुर्घटनाएं हुई हैं। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए लोक निर्माण विभाग, नेशनल हाईवे अथॉरिटी, परिवहन विभाग और पुलिस की ओर से उठाए जा रहे विभिन्न कदमों के अलावा आम लोगों, विशेषकर युवाओं को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरुक करने में शिक्षा विभाग, सूचना एवं जनसंपर्क, स्वास्थ्य और अन्य विभाग भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। जिला सड़क सुरक्षा योजना में इन सभी विभागों की भागीदारी सुनिश्चित की गई है तथा इन्हें आवश्यकतानुसार बजट भी आवंटित किया गया है। सभी विभाग इस बजट का सदुपयोग सुनिश्चित करें और अगर यह धनराशि खर्च नहीं हो पा रही है तो इसकी सूचना तुरंत प्रेषित करें।
उपायुक्त ने पीडब्ल्यूडी, नेशनल हाईवे और परिवहन विभाग के अधिकारियों को सभी मुख्य सड़कों, चौक-चौराहों और भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर सड़कों की सही मार्किंग करवाने तथा उपयुक्त स्थानों पर दिशा-सूचक एवं स्पीड लिमिट के बोर्ड लगाने के निर्देश भी दिए।
उपायुक्त ने कहा कि सड़क दुर्घटना में घायल लोगों की तत्काल मदद करके उन्हें अस्पताल तक पहुंचाने वाले जिला के दो नेक व्यक्तियों के नाम राहवीर योजना के तहत ‘गुड सेमेरिटन’ पुरस्कार के लिए अनुशंसित किए गए हैं।
बैठक में एसपी बलवीर सिंह, नगर निगम के आयुक्त राकेश शर्मा, एसडीएम संजीत सिंह, आरटीओ राजीव ठाकुर, जिला सड़क सुरक्षा समिति के सचिव एवं पीडब्ल्यूडी के अधिशाषी अभियंता दीपक कपिल, सीएमओ डॉ. अजय अत्री और अन्य अधिकारियों ने भी महत्वपूर्ण सुझाव रखे।