इनेलो की छात्र इकाई आइएसओ ने छात्र संघ चुनाव के लिए चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी और डीएवी कॉलेज से अपने उम्मीदवार किए घोषित, इनेलो की युवा इकाई के राष्ट्रीय प्रभारी कर्ण चौटाला ने आइएसओ की बैठक में किया ऐलान
विपुल भादू होंगे चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी छात्र चुनाव के वाइस प्रेसिडेंट के उम्मीदवार, अभय संधु लड़ेंगे डीएवी कॉलेज से प्रधान पद का चुनाव
आइएसओ के चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी और डीएवी कॉलेज के दोनों उम्मीदवार जीत दर्ज करेंगे: कर्ण चौटाला
चंडीगढ़, 10 अगस्त। इंडियन नेशनल लोकदल की युवा इकाई के राष्ट्रीय प्रभारी कर्ण चौटाला ने सोमवार को चंडीगढ़ मुख्यालय पर इनेलो की छात्र इकाई आईएसओ के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक ली। इस बैठक में चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी और कॉलेजों में होने वाले छात्र संघ चुनावों पर चर्चा की गई। बैठक में सिर्फ पंजाब यूनिवर्सिटी और डीएवी कॉलेज दोनों जगह से छात्रसंघ का चुनाव लड़ने का निर्णय लिया गया। विपुल भादू को चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी से छात्र संघ चुनाव लड़ने के लिए वाइस प्रेसिडेंट का उम्मीदवार घोषित किया गया। वहीं अभय संधु को डीएवी कॉलेज से चुनाव लड़ने के लिए प्रधान पद का उम्मीदवार बनाया गया। इस दौरान विभिन्न दलों के छात्र संगठनों को छोड़ कर सैंकड़ों युवा छात्र कर्ण चौटाला की मौजूदगी में आइएसओ में शामिल हुए। कर्ण चौटाला ने आइएसओ में शामिल हुए सभी छात्रों का स्वागत करते हुए कहा कि आइएसओ ने चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी और डीएवी कॉलेज में जो अपने उम्मीदवार उतारे हैं दोनों उम्मीदवार जीत दर्ज करेंगे। आइएसओ ने हरियाणा के बाद चंडीगढ़ में भी अपना मजबूत संगठन खड़ा कर लिया है जिसमें सक्रिय छात्र नेता अपनी पूरी निष्ठा और लगन से यूनिवर्सिटी के छात्रों के बीच पैठ बना चुके हैं। लगातार अन्य छात्र दलों से भी भारी संख्या में युवा छात्र जुड़ रहे हैं। कर्ण चौटाला ने कहा कि आइएसओ छात्रों के हकों की आवाज उठाने का एक महत्वपूर्ण प्लेटफॉर्म बन चुका है। आइएसओ ने जब जब छात्रों के हकों की आवाज उठाई तो उनकी आवाज को सुना गया और छात्रों की समस्याओं का समाधान किया गया।