उपायुक्त की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सार्वजनिक वितरण समिति की समीक्षा बैठक आयोजित
अप्रैल से जून तक 1,17,230 राशन कार्ड धारकों को 9,331.84 मीट्रिक टन खाद्यान्न वितरित

बिलासपुर, 31 अगस्त: जिला स्तरीय सार्वजनिक वितरण समिति की बैठक आज उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जिले में आवश्यक वस्तुओं एवं पेट्रोलियम पदार्थों की उपलब्धता, सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं तथा विभागीय स्तर पर की गई कार्रवाई की समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने आवश्यक वस्तुओं एवं खाद्यान्नों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए समय-समय पर नियमित निरीक्षण करने तथा खाद्यान्नों के नमूने एकत्रित कर प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विभागीय मापदंडों एवं आदेशों के अनुरूप निरीक्षण कर अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को भी कहा।
उपायुक्त ने विभागीय अधिकारियों के हवाले से बताया कि जिला में अप्रैल 2026 से जून 2026 तक में कुल 9331.84 मीट्रिक टन खाद्यान्न तथा 1,35,444 लीटर खाद्य तेल विभिन्न श्रेणियों के 1,17,230 राशन कार्ड धारकों एवं 4,17,230 उपभोक्ताओं को 253 उचित मूल्य की दुकानों के माध्यम से वितरित किया गया है। इस अवधि के दौरान जिले में खाद्यान्नों के कुल 27 नमूने लिए गए। इसके अतिरिक्त विभिन्न विभागीय आदेशों के तहत 1052 निरीक्षण किए गए तथा अनियमितताएं पाए जाने पर दोषियों से कुल 3,34,646 रुपये की जुर्माना राशि वसूल कर सरकारी कोष में जमा करवाई गई।
बैठक में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम, 2013 के अंतर्गत मिड-डे-मील तथा प्रारंभिक शिक्षा विभाग और आईसीडीएस के आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए खाद्यान्नों के वितरण की भी विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में जिला में दो उचित मूल्य की दुकानों के आवंटन से संबंधित मामलों पर भी चर्चा की गई। समिति ने आवेदकों के पक्ष में सभी आवश्यक दस्तावेज एवं औपचारिकताएं पूर्ण होने के उपरांत उचित मूल्य की दुकानों का आवंटन करने का निर्णय लिया। इसके साथ ही जिला में एक नई उचित मूल्य की दुकान खोलने का भी निर्णय लिया गया।
बैठक का संचालन जिला नियंत्रक, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले बिलासपुर शीतल शर्मा ने किया।
बैठक में जिला परिषद अध्यक्ष लेख राम ठाकुर, विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।