चिट्टे के खिलाफ ऊना में बुलंद होगी युवा शक्ति की आवाज

7 सितंबर को मुख्यमंत्री की अगुवाई में एंटी-चिट्टा वॉकाथॉन, स्कूल-कॉलेजों के विद्यार्थियों की होगी प्रमुख भागीदारी


ऊना, 31 अगस्त. चिट्टे और अन्य नशों के दुष्प्रभावों के प्रति युवाओं को जागरूक करने और नशामुक्त समाज का संदेश व्यापक स्तर पर पहुंचाने के उद्देश्य से 7 सितंबर को ऊना में एंटी-चिट्टा वॉकाथॉन आयोजित की जाएगी। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अगुवाई में होने वाली इस वॉकाथॉन में जिले के स्कूलों और कॉलेजों के विद्यार्थियों की प्रमुख भागीदारी होगी। जिला प्रशासन ने आयोजन को प्रभावी जन-जागरूकता अभियान का स्वरूप देने के साथ विद्यार्थियों की सुरक्षित एवं व्यवस्थित सहभागिता पर विशेष ध्यान केंद्रित किया है।

उपायुक्त जतिन लाल ने सोमवार को वॉकाथॉन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को विद्यार्थियों के आवागमन की सुव्यवस्थित कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने शिक्षण संस्थानों के साथ समन्वय स्थापित कर विद्यार्थियों को आयोजन स्थल तक लाने, उनकी सहभागिता सुनिश्चित करने तथा कार्यक्रम के उपरांत सुरक्षित वापसी के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं करने को कहा। उन्होंने आयोजन के दौरान विद्यार्थियों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
वॉकाथॉन में जिले के सरकारी एवं निजी स्कूलों की 9वीं से 12वीं कक्षा तथा कॉलेजों के विद्यार्थियों को मुख्य लक्षित समूह के तौर पर जोड़ा जा रहा है। इसका उद्देश्य युवाओं को चिट्टे एवं अन्य नशों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के साथ उन्हें नशे के विरुद्ध जन-जागरूकता के प्रयासों में सहभागी बनाना है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री 7 सितंबर को प्रातः करीब 10 बजे इंदिरा गांधी खेल स्टेडियम ऊना से एंटी-चिट्टा वॉकाथॉन को हरी झंडी दिखाएंगे और स्वयं भी इसमें शामिल होंगे। प्रस्तावित रूट के अनुसार वॉकाथॉन इंदिरा गांधी खेल स्टेडियम से आरंभ होकर बस स्टैंड के समीप यू-टर्न लेते हुए वापस स्टेडियम में संपन्न होगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री युवाओं एवं उपस्थित जनसमूह को नशे से दूर रहने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण की ‘एंटी-चिट्टा शपथ’ दिलाएंगे और युवाओं से संवाद भी करेंगे।

उपायुक्त ने आयोजन स्थल एवं प्रस्तावित रूट पर प्रतिभागियों के प्रवेश एवं निकासी, एकत्रण, यातायात एवं पार्किंग, पेयजल, स्वच्छता, शौचालय, स्वास्थ्य सुविधाओं और सुरक्षा प्रबंधों की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ तैयारियां समयबद्ध रूप से पूरी करने तथा आयोजन के दौरान प्रतिभागियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस विभाग को यातायात, पार्किंग एवं कानून-व्यवस्था से जुड़े आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
उपायुक्त ने कहा कि युवाओं की सहभागिता नशे के विरुद्ध जन-जागरूकता को व्यापक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। एंटी-चिट्टा वॉकाथॉन के माध्यम से युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति सजग करने के साथ समाज में नशे के खिलाफ सामूहिक जागरूकता को और मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आयोजन के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए समन्वित रूप से कार्य करने के निर्देश दिए।

बैठक में पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ, अतिरिक्त उपायुक्त ईशांत जसवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र शर्मा, सहायक आयुक्त विनय मोदी, एसडीएम ऊना अभिषेक मित्तल, एसडीएम हरोली विशाल शर्मा, एसडीएम बंगाणा सोनू गोयल, एसडीएम अंब पारस अग्रवाल, एसडीएम गगरेट सौमिल गौतम, डीएसपी अजय राणा, डीएसपी मोहन रावत, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.के. वर्मा, उपनिदेशक उच्च शिक्षा अनिल कुमार, उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा सोम लाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
==================================================
ऊना में विद्यार्थियों की सुविधा के लिए स्कूलों का समय बदला

गर्मी और उमस के मद्देनजर 1 सितंबर से सुबह 8 से दोपहर 2 बजे तक लगेंगे स्कूल


ऊना, 31 अगस्त. ऊना जिले में गर्मी की स्थिति और उमस के मद्देनजर विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूलों के समय में बदलाव किया है। 1 सितंबर, 2026 से जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूल सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक संचालित होंगे।
जिला दंडाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष जतिन लाल ने आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 33 और 34 के तहत इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। यह व्यवस्था अगले आदेश तक लागू रहेगी।
नया समय प्री-प्राइमरी, प्राइमरी, मिडिल और सेकेंडरी स्तर के सभी सरकारी व निजी स्कूलों पर लागू होगा। प्रशासन ने यह निर्णय जिले में गर्म मौसम और अधिक आर्द्रता की स्थिति को ध्यान में रखते हुए लिया है, ताकि विद्यार्थियों को दिन के अधिक गर्म समय से राहत मिल सके।
=================================================
38 वर्ष से अधिक की समर्पित सेवाओं के उपरांत सहायक लोक सम्पर्क अधिकारी नीलम कुमारी सेवानिवृत्त

जिला लोक सम्पर्क अधिकारी कार्यालय ऊना में आयोजित हुआ गरिमामय सम्मान समारोह


ऊना, 31 अगस्त। सहायक लोक सम्पर्क अधिकारी नीलम कुमारी आज (सोमवार) को सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग में 38 वर्ष 2 माह 25 दिनों की दीर्घ एवं समर्पित सेवाओं के उपरांत जिला लोक सम्पर्क अधिकारी कार्यालय ऊना से सेवानिवृत्त हुईं। उनकी सेवानिवृत्ति के अवसर पर कार्यालय परिसर में गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया।

नीलम कुमारी ने सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग में अपने सेवाकाल की शुरुआत जिला लोक सम्पर्क कार्यालय ऊना में बतौर आशुटंकक की थी। दीर्घ सेवावधि के दौरान उन्होंने ऊना, हमीरपुर, कांगड़ा तथा निदेशालय शिमला में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करते हुए विभाग को अपनी सेवाएं प्रदान कीं। अपने सेवाकाल में उन्होंने कार्य के प्रति निष्ठा, अनुशासन, कार्यकुशलता एवं सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन किया तथा विभागीय कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

सम्मान समारोह की अध्यक्षता जिला लोक सम्पर्क अधिकारी ऊना सचिन संगर ने की। उन्होंने नीलम कुमारी को सेवानिवृत्ति की शुभकामनाएं देते हुए विभाग के प्रति उनके दीर्घकालीन योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि नीलम कुमारी ने अपने सेवाकाल में पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ विभागीय दायित्वों का निर्वहन किया है। उनकी कार्यकुशलता, अनुशासन और सहयोगात्मक कार्यशैली विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगी।

उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा से सेवानिवृत्ति जीवन के एक महत्वपूर्ण पड़ाव का समापन होने के साथ-साथ जीवन के नए चरण की शुरुआत भी है। उन्होंने नीलम कुमारी के सुखद, स्वस्थ एवं आनंदमय भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर जिला लोक सम्पर्क अधिकारी कार्यालय ऊना के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी नीलम कुमारी के स्वस्थ, सुखद एवं मंगलमय भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।