रोहतक13 सितंबर 2026,-दादा लख्मी चंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ परफॉर्मिंग एंड विजुअल आर्ट्स (डीएलसीसुपवा) के फिल्म एवं टेलीविजन (एफटीवी) फैकेल्टी के साल 2019 बैच के क्लीयर होने का रास्ता साफ हो गया है। इनके लंबित चल रहे डिग्री फिल्म प्रोजेक्ट के शूट का शेड्यूल जारी हो गया है। 18 सितंबर को पहली डिग्री फिल्म का शूट शुरू हो जाएगा। लगातार 94 दिन तक चलने वाले शूट में 9 शॉर्ट फिल्म तैयार की जाएंगी।

एफसी महेश टीपी ने बताया कि कुलगुरु डॉ अमित आर्य ने पिछले दिनों एफटीवी में डिग्री स्टूडेंट्स के लंबित चल रहे बैच का बैकलॉग जल्द से जल्द खत्म करने के आदेश दिए थे। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने को कहा है कि जो बैच समय पर चल रहे हैं, उनकी टाइम लाइन किसी भी सूरत में मिस नहीं होनी चाहिए। इसलिए 2019 बैच को क्लीयर कराने की दिशा में कदम बढ़ाते हुए उनके डिग्री फिल्म प्रोजेक्ट के शूट का शेड्यूल जारी कर दिया है। ये शूट पूरे होने के बाद पोस्ट प्रॉडक्शन का कार्य शुरू होगा। इसके बाद इन छात्रों की ज्यूरी होगी और उसमें उत्तीर्ण होने पर इनकी डिग्री कंपलीट हो जाएगी। इससे पहले 11 सितंबर को 2022 बैच को आगे बढ़ाते हुए उनके म्यूजिक वीडियो शूट शुरू कराए गए हैं। ये दोनों शूट शेड्यूल समानांतर चलते रहेंगे। इनके लिए कैमरा, लाइट आदि का अलग-अलग इंतजाम किया गया है।

महेश टीपी ने बताया कि डिग्री फिल्म प्रोजेक्ट के शूट शुरू होने से 2019 बैच के छात्रों को बड़ी राहत मिलेगी। कुलगुरु डॉ अमित आर्य ने स्पष्ट आदेश दिए हैं कि छात्रों का कोर्स वर्क कंपलीट होने में पूर्व में जो भी लेट-लतीफी रही है, वह अब किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसलिए सभी 9 डिग्री फिल्म शूट के लिए अलग-अलग यूनिट मैनेजर भी तैनात कर दिए हैं, जबकि इसके लिए जरूरी कैमरे, लाइट, जनरेटर आदि की व्यवस्था यूनिवर्सिटी के स्तर पर कर ली गई है। शूट 94 दिन तक नॉन स्टॉप चलते रहें, इसलिए ही लाइट ब्वॉयज, मेकअप, स्पॉट बॉय, कारपेंटर आदि का इंतजाम अभी से कर लिया गया है। अलग-अलग शॉर्ट फिल्म के लिए 2019 बैच के डायरेक्शन, सिनेमेटोग्राफी, एडिटिंग, ऑडियोग्राफी कोर्स में पढ़ रहे छात्रों की टीमें गठित कर दी गई हैं। ये टीमें ही अपने-अपने शूट के लिए तमाम जिम्मेदारियां संभालेंगी। इन टीम में शामिल छात्र एडिटर, डायरेक्टर, सिनेमेटोग्राफर, ऑडियोग्राफर के तौर पर अपनी शॉर्ट फिल्म को शूट कराएंगे।

महेश टीपी ने बताया कि एफटीवी छात्रों के कोर्स का बैकलॉग खत्म करने के लिए कुलगुरु डॉ अमित आर्य पूरी तरह से गंभीर हैं। उनके प्रयासों से ही साल 2018 बैच की डिग्री मार्च महीने में पूर्ण हुई। अब 2019 व 2022 बैच के शूट एक साथ चलेंगे। जबकि, अन्य लंबित चल रहे बैच की पढ़ाई को आगे बढ़ाने की दिशा में भी काम शुरू हो चुका है। अभी कुछ और शूट शुरू कराने की प्लानिंग पर काम चल रहा है। आने वाले दिनों में इस मामले में और अधिक रफ्तार नजर आनी शुरू हो जाएगी।