नीलोखेड़ी.14.09.26- : हिंदी केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, संस्कार, परंपराओं और भावनाओं से जुड़ी भाषा है। हिंदी को सम्मान देना हमारी सांस्कृतिक विरासत को सम्मान देना है। यह बात हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान के निदेशक डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने कही। वे राज्य अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान, नीलोखेड़ी में हिंदी दिवस के उपलक्ष्य आयोजित एक कार्यक्रम में विद्यार्थियों को संबोधित कर रहे थे। संस्थान के निदेशक श्री अनिल कुमार रोज ने डॉ. चौहान का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

इस अवसर पर उपस्थित सभी शिक्षकगण, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को हिंदी भाषा के अधिकाधिक प्रयोग, प्रचार-प्रसार और सम्मान का संकल्प दिलवाया गया। सभी ने संकल्प लिया कि वे अपने दैनिक जीवन, शिक्षा, कार्यक्षेत्र एवं सामाजिक व्यवहार में हिंदी के प्रयोग को प्राथमिकता देंगे तथा हिंदी भाषा के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को बढ़ावा देंगे।