श्री नैना देवी जी आश्विन नवरात्र मेला को लेकर विभिन्न धाराओं के तहन निषेधाज्ञा आदेश जारी
बिलासपुर, 08 अक्तूबर: जिला दण्डाधिकारी बिलासपुर राहुल कुमार ने आश्विन नवरात्र मेला के उपलक्ष पर 11 अक्तूबर से 20 अक्तूबर तक श्री नैना देवी जी मन्दिर परिसर में कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को मध्यनज़र रखते हुए आवश्यक प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए हैं।
जारी आदेशों के अनुसार मेला अवधि के दौरान श्री नैना देवी जी मेला परिसर में लाऊडस्पीकर, ढोल-नगाड़े, बैण्ड-बाजे एवं अन्य ध्वनि विस्तारक यंत्रों के प्रयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। यदि किसी प्रकार का सार्वजनिक सन्देश अथवा उद्घोषणा देनी आवश्यक हो, तो वह केवल कंट्रोल रूम के माध्यम से प्रसारित की जाएगी। इसके अतिरिक्त मन्दिर परिसर में किसी भी प्रकार के प्रसाद के प्रयोग पर भी पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
इसी तरह आश्विन नवरात्र मेले के दृष्टिगत कानून एवं व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए जिला दण्डाधिकारी ने भारतीय दण्ड संहिता की धारा 163 के तहत पुलिस थाना कोट कहलूर के अधिकार क्षेत्र में आगामी 11 अक्तूबर से 20 अक्तूबर तक किसी भी व्यक्ति द्वारा अस्त्र-शस्त्र, गोला-बारूद, दूर से मार करने वाले हथियार, तेजधार हथियार आदि उठाकर चलने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया है। यह आदेश पुलिस बल पर लागू नहीं होंगे।
जबकि मेले के दृष्टिगत श्रद्धालुओं की अधिक संख्या को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से मोटर वाहन अधिनियम 1988 की धारा 115 के तहत यातायात संबंधी आदेश भी जारी किए हैं।
जारी आदेश के अनुसार मेला अवधि में टोबा से श्री नैना देवी जी मंदिर तक के सड़क मार्ग पर केवल बसों और छोटे यात्री वाहनों (टैक्सियों) की आवाजाही को ही अनुमति होगी। इस दौरान ट्रक, कैन्टर, ट्रैक्टर, टैम्पू आदि भारी वाणिज्यिक वाहनों की आवाजाही पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
इसके अतिरिक्त यदि ट्रक, टैम्पू या ट्रैक्टर सवारियों से लदे हुए पाए जाते हैं, तो उन्हें हिमाचल प्रदेश की सीमा जैसे गड़ामोड़ा और ग्वालथाई (भाखड़ा) से आगे श्री नैना देवी जी की ओर आने की अनुमति नहीं होगी। श्रद्धालु इन स्थानों से केवल बसों या टैक्सियों में ही श्री नैना देवी जी मंदिर पहुंच सकेंगे।
जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वह मेले के दौरान प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करें और मन्दिर परिसर में शांतिपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण बनाए रखने में सहयोग दें। यह सभी आदेश आगामी 11 अक्तूबर से 20 अक्तूबर तक प्रभावी रहेंगे।

=========================================

श्री नैना देवी जी मंदिर में आश्विन नवरात्र मेला की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित
बिलासपुर, 08 अक्तूबर: श्री नैना देवी जी मंदिर में आश्विन नवरात्र मेले के सफल आयोजन एवं श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज वर्चुअल माध्यम से उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, स्वास्थ्य सुविधाओं, स्वच्छता एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त ने कहा कि मेले के सुचारू संचालन के लिए एसडीएम श्री नैना देवी जी को मेला अधिकारी तथा मंदिर अधिकारी श्री नैना देवी जी को सहायक मेला अधिकारी नियुक्त किया गया है। मेले के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। पूरे मेला क्षेत्र को 9 सेक्टरों में विभाजित किया जाएगा, जिनमें से 6 सेक्टरों में सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं पुलिस अधिकारी तैनात रहेंगे। भीड़ नियंत्रण एवं सुरक्षा के मद्देनजर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निरंतर निगरानी की जाएगी।
उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु विस्तृत यातायात योजना तैयार की गई है। यातायात नियंत्रण के लिए टोबा, घंवाडल तथा रोपवे के समीप ट्रैफिक बैरियर स्थापित किए जाएंगे। मेला अवधि के दौरान केवल चिन्हित स्थलों पर ही वाहन पार्किंग की अनुमति होगी ताकि यातायात बाधित न हो। भारी वाहनों के प्रवेश को लेकर भी विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
उपायुक्त ने नगर परिषद एवं संबंधित विभागों को पूरे मेला क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा श्रद्धालुओं को स्वच्छ पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित बनाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने मेला के दौरान खाद्य सामग्री व रसोई गैस का पूर्ण भंडारण सुनिश्चित करने तथा मेला के दौरान सभी ढाबों में रेट लिस्ट प्रदर्शित करने के भी निर्देश दिए। साथ ही कहा कि मेला के दौरान लंगर लगाने के इच्छुक सभी संस्थाओं/संचालकों को ऑनलाइन आवेदन के माध्यम से अनुमति प्रदान की जाएगी।
उन्होंने कहा कि मेला अवधि के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित बनाने को मेला क्षेत्र में 5 अस्थायी स्वास्थ्य जांच शिविर स्थापित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त 3 एम्बुलेंस सेवाएं 24 घंटे उपलब्ध रहेंगी। मेला के दौरान श्रद्धालुओं के आध्यात्मिक अनुभव एवं सांस्कृतिक मनोरंजन के लिए मंदिर परिसर पर भजन संध्या का भी आयोजन किया जाएगा।
उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को माता श्री नैना देवी जी के दर्शन में किसी प्रकार की कठिनाई न हो। उन्होंने स्थानीय जनता एवं व्यापारियों से भी मेले के सफल आयोजन में सहयोग की अपील की है।