HAMIRPUR, 27.10.26-नगर निगम हमीरपुर द्वारा शहर में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए चार इलेक्ट्रिक कूड़ा संग्रहण वाहनों का शुभारंभ किया गया। माननीय मुख्यमंत्री, हिमाचल प्रदेश द्वारा इन चारों वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

इन इलेक्ट्रिक वाहनों के संचालन से नगर निगम क्षेत्र में घर-घर से कूड़ा एकत्रित करने की व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने में सहायता मिलेगी। इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग से पारंपरिक ईंधन पर निर्भरता कम करने तथा वाहन संचालन के दौरान होने वाले ध्वनि एवं वायु प्रदूषण को कम करने में भी योगदान मिलेगा।

नगर निगम हमीरपुर द्वारा शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने, कूड़े के नियमित संग्रहण एवं उचित प्रबंधन तथा नागरिकों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इलेक्ट्रिक कूड़ा संग्रहण वाहनों की शुरुआत इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

नगर निगम का उद्देश्य आधुनिक एवं पर्यावरण अनुकूल तकनीक को अपनाकर हमीरपुर शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं प्रदूषण मुक्त बनाने के प्रयासों को गति देना है। नगर निगम द्वारा शहरवासियों से भी अपील की जाती है कि वे गीले एवं सूखे कूड़े को अलग-अलग रखें, कूड़ा निर्धारित संग्रहण व्यवस्था के माध्यम से ही दें तथा शहर को स्वच्छ बनाए रखने में अपना सहयोग प्रदान करें।