बिलासपुर, 28 अक्तूबर: नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास), बिलासपुर की दूसरी छमाही बैठक अग्रणी जिला प्रबंधक कार्यालय, बिलासपुर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता विश्वसनीय राठी एवं मुख्य प्रबंधक एवं अग्रणी जिला प्रबंधक, बिलासपुर चंद्रशेखर यादव ने की। बैठक में नराकास के सदस्य कार्यालयों के कार्यालय प्रमुखों, राजभाषा अधिकारियों तथा राजभाषा नोडल अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान नराकास बिलासपुर को वित्तीय वर्ष 2025-26 में राजभाषा हिंदी के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए अखिल भारतीय स्तर पर उत्कृष्ट पुरस्कार मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की गई। अध्यक्ष ने इस उपलब्धि के लिए सभी सदस्य कार्यालयों और उनकी टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह सम्मान सभी कार्यालयों के सामूहिक सहयोग, समर्पण और हिंदी के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम है। उन्होंने भविष्य में भी इसी भावना से कार्य करते हुए हिंदी के प्रचार-प्रसार को बढ़ावा देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर राजभाषा नियमों के अनुसार हिमाचल प्रदेश के ‘क’ क्षेत्र में स्थित होने के कारण कार्यालयों में हिंदी में कार्य करने के महत्व पर प्रकाश डाला गया। सदस्य कार्यालयों से राजभाषा नीति का प्रभावी कार्यान्वयन सुनिश्चित करने, हिंदी में प्राप्त पत्रों के उत्तर हिंदी में देने तथा राजभाषा अधिनियम, 1963 की धारा 3(3) का अनुपालन करने का आग्रह किया गया। साथ ही कार्यालयों में आयोजित राजभाषा संबंधी गतिविधियों का विवरण नराकास के साथ साझा करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में हिंदी माह के दौरान सदस्य कार्यालयों द्वारा आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। एनटीपीसी कोलडैम द्वारा आयोजित निबंध लेखन प्रतियोगिता में कीर्ति ने प्रथम, जीशान खान ने द्वितीय तथा डॉ. अंजुला अग्रवाल ने तृतीय पुरस्कार प्राप्त किया। आशुभाषण प्रतियोगिता में एम्स बिलासपुर के अभिषेक शर्मा प्रथम, डॉ. भूमेश कुमार द्वितीय तथा नीलम दत्त तृतीय स्थान पर रहे। नराकास बिलासपुर द्वारा आयोजित निबंध लेखन प्रतियोगिता में आरसेटी बिलासपुर की प्रिया ने प्रथम, अंकिता ठाकुर ने द्वितीय तथा मधु कुमारी ने तृतीय पुरस्कार प्राप्त किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में अन्य प्रतिभागियों को प्रोत्साहन पुरस्कार भी प्रदान किए गए।
बैठक में सदस्य सचिव एवं राजभाषा अधिकारी नरेंद्र आजाद ने सभी सदस्य कार्यालयों से हिंदी में अधिकाधिक कार्य करने तथा कर्मचारियों को राजभाषा के प्रयोग के लिए प्रोत्साहित करने का आग्रह किया। बैठक का संचालन नरेंद्र आजाद, सदस्य सचिव एवं वरिष्ठ प्रबंधक राजभाषा, यूको बैंक ने किया।

बैठक में एनटीपीसी कोलडैम, आयकर कार्यालय, भारतीय जीवन बीमा निगम, भारतीय स्टेट बैंक, जवाहर नवोदय विद्यालय कोठीपुरा, डाकघर, यूको बैंक, मेरा युवा भारत, केंद्रीय विद्यालय बिलासपुर तथा यूको आरसेटी बिलासपुर सहित विभिन्न सदस्य कार्यालयों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।