*नशामुक्ति के संदेश के साथ संपन्न हुई 52वीं हॉट वेदर फुटबॉल प्रतियोगिता, उपायुक्त ने नवाजे विजेता*
*मंडी 22 नवम्बर।* मंडी के ऐतिहासिक पड्डल मैदान में आयोजित 52वीं हॉट वेदर फुटबॉल प्रतियोगिता का समापन उत्साह और खेल भावना के साथ हुआ। जिला खेल परिषद एवं फुटबॉल एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में इस बार प्रतियोगिता को प्रदेश सरकार के नशामुक्ति अभियान के तहत आयोजित कर युवाओं को नशे जैसी बुराई से दूर रहने तथा खेलों को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया।
प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में रायत-बाहरा यूनिवर्सिटी, होशियारपुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऊना की टीम को 2-1 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल कौशल, अनुशासन और प्रतिस्पर्धात्मक भावना का परिचय दिया। प्रतियोगिता में कुल 8 टीमों ने भाग लिया।
प्रतियोगिता के समापन समारोह की अध्यक्षता उपायुक्त एवं जिला खेल परिषद के अध्यक्ष अपूर्व देवगन ने की। उन्होंने विजेता एवं उपविजेता टीमों को सम्मानित करते हुए खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर अपूर्व देवगन ने कहा कि खेल युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने का सशक्त माध्यम हैं। खेलों से न केवल शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, बल्कि अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता जैसे गुणों का भी विकास होता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहें और अपनी ऊर्जा को खेल, शिक्षा तथा रचनात्मक गतिविधियों में लगाएं।
उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। खेल गतिविधियों में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित कर युवा स्वयं को स्वस्थ रखने के साथ-साथ समाज को भी सकारात्मक संदेश दे सकते हैं। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सभी को बधाई देते हुए सभी सहयोगियों का आभार भी व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि 1961 में शुरू हुए इस टूर्नामेंट ने कई ऊंचाइयों को छुआ है।
52वीं हॉट वेदर फुटबॉल प्रतियोगिता का सफल आयोजन खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के साथ-साथ मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू की खेलो हिमाचल मुहिम से जुड़कर नशामुक्ति के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक सराहनीय पहल साबित हुआ। प्रतियोगिता के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि स्वस्थ शरीर, सकारात्मक सोच और अनुशासित जीवन ही उज्ज्वल भविष्य की नींव हैं।