हिसार, 23.11.26-- अग्रवाल समाज के प्रतिनिधियों की एक महत्वपूर्ण बैठक अग्रोहा धाम वैश्य समाज के राष्ट्रीय कार्यकारिणी अध्यक्ष बजरंग गर्ग की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में अग्रोहा धाम में पूर्णिमा के पावन पर्व के उपलक्ष्य में 24 नवंबर को आयोजित होने वाले भव्य धार्मिक एवं सामाजिक समारोह की तैयारियों को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान समारोह की व्यवस्थाओं, श्रद्धालुओं की सुविधा, भव्य भजन समारोह, छप्पन भोग एवं विशाल भंडारे के आयोजन सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए अग्रोहा धाम वैश्य समाज के राष्ट्रीय कार्यकारिणी अध्यक्ष बजरंग गर्ग ने कहा कि अग्रोहा धाम में पूर्णिमा के पावन अवसर पर 24 नवंबर को भव्य समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस शुभ अवसर पर भगवान को छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा तथा श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे, एकता एवं सद्भावना को मजबूत करने का कार्य करते हैं। श्री गर्ग ने कहा कि अग्रवाल समाज सदैव धार्मिक, सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्यों में अग्रणी रहा है। अग्रोहा धाम केवल एक धार्मिक स्थल ही नहीं, बल्कि समाज की एकता, संस्कृति, परंपराओं एवं सेवा भावना का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर मिलता है तथा समाज में सेवा और सहयोग की भावना को बढ़ावा मिलता है। सभी ने इस धार्मिक आयोजन को श्रद्धा, उत्साह एवं सामाजिक एकता के साथ मनाने का संकल्प लिया। अंत में सभी समाज के प्रतिनिधियों ने 24 नवंबर को अग्रोहा धाम पहुंचकर पूर्णिमा के इस पावन समारोह में शामिल होने तथा छप्पन भोग एवं भंडारे का प्रसाद ग्रहण करने की अपील की। अग्रोहा धाम वैश्य समाज के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बजरंग गर्ग समाज के प्रतिनिधियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर महेश अग्रवाल, पवन गर्ग, संदीप कुमार, हरीश कुमार रिषी राज गर्ग, निरंजन गोयल, अनन्त अग्रवाल, रवि सिंगला, घीसाराम जैन, राजेंद्र बंसल आदि प्रतिनिधियों ने अपने सुझाव करें।