शाहपुर, 23 नवंबर। 21 जुलाई, 2026 को शाहपुर विधानसभा क्षेत्र की धारकंडी स्थित बोह घाटी के घड़गूं, स्पेडा और भंगार गांवों में बादल फटने एवं भारी मलबा आने से आई प्राकृतिक आपदा ने व्यापक तबाही मचाई थी। इस आपदा में कई परिवारों के आशियाने उजड़ गए थे और लोगों को अपनी वर्षों की मेहनत से अर्जित संपत्ति का भारी नुकसान उठाना पड़ा था।
विधानसभा के शीतकालीन सत्र के समाप्त होते ही उप मुख्य सचेतक एवं शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया ने आज एक बार फिर आपदा प्रभावित घड़गूं और स्पेडा क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित परिवारों से से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और आपदा के बाद उत्पन्न परिस्थितियों, लोगों की समस्याओं तथा राहत एवं पुनर्वास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।
इस दौरान श्री पठानिया ने प्रदेश सरकार की ओर से प्रभावित परिवारों के लिए घोषित विशेष राहत एवं पुनर्वास पैकेज के तहत दी जा रही सहायता का भी जायजा लिया।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार ने आपदा प्रभावित परिवारों को राहत प्रदान करने के लिए विशेष पैकेज घोषित किया है। इसके तहत पूरी तरह क्षतिग्रस्त मकानों के पुनर्निर्माण के लिए 7.50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता तथा घरेलू सामान, बर्तन, कपड़े एवं अन्य आवश्यक वस्तुओं के लिए एक लाख रुपये की अतिरिक्त सहायता का प्रावधान किया गया है।
इसके अलावा भूमिहीन प्रभावित परिवारों को मकान निर्माण के लिए सरकारी भूमि उपलब्ध करवाने, गाय एवं भैंस की मृत्यु पर 55 हजार रुपये तथा बकरी की मृत्यु पर 15 हजार रुपये मुआवजा देने का प्रावधान है। फसल नुकसान की भरपाई के लिए प्रति कनाल 5 हजार रुपये की आर्थिक सहायता और प्रभावित परिवारों को छह महीने तक मुफ्त राशन उपलब्ध करवाने की व्यवस्था भी की गई है।
श्री पठानिया ने कहा कि आपदा की इस कठिन घड़ी में प्रदेश सरकार प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है। सरकार ने तत्काल राहत पहुंचाने के साथ-साथ प्रभावित परिवारों को दोबारा बसाने और उनके सुरक्षित भविष्य को सुनिश्चित करने के लिए विशेष राहत एवं पुनर्वास पैकेज तैयार किया है।
उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों की समस्याओं को गंभीरता से लिया जा रहा है। जिन परिवारों को राहत राशि, पुनर्वास, मकान निर्माण अथवा अन्य सुविधाओं को लेकर किसी भी तरह की कठिनाई आ रही है, उनकी समस्याओं को संबंधित विभागों एवं सरकार के समक्ष उठाकर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों के प्रति उनकी जिम्मेदारी केवल आपदा के समय तक सीमित नहीं है। जब तक प्रत्येक प्रभावित परिवार को उचित सहायता, अपना आशियाना और सुरक्षित पुनर्वास नहीं मिल जाता, तब तक वे उनके साथ खड़े रहेंगे।