बिलासपुर, 23 नवम्बर: जिला परिषद की त्रैमासिक बैठक जिला परिषद अध्यक्ष लेख राम ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों से संबंधित लगभग 220 मदों पर चर्चा की गई। इनमें मुख्य रूप से सड़क, पेयजल, बिजली, परिवहन, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मामले शामिल रहे। अध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े मामलों को गंभीरता से लेते हुए उनका प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।
जिला परिषद अध्यक्ष लेख राम ठाकुर ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं का समाधान प्रशासन और संबंधित विभागों की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क मरम्मत, पेयजल आपूर्ति, बिजली व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं और परिवहन सुविधाओं से जुड़े मामलों पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने लंबित मामलों की प्रगति की नियमित समीक्षा करने और आगामी बैठक में की गई कार्रवाई की अद्यतन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में संबंधित जिला परिषद सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों से संबंधित सड़क, स्वास्थ्य, पेयजल, परिवहन सहित अन्य समस्याओं को प्रमुखता से उठाया तथा अधिकारियों से इन सभी समस्याओं के समयबद्ध निपटारा करने को कहा। बैठक में विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों एवं अन्य पैरामेडिकल स्टाफ की कमी, बंद पड़े रूटों में पुनः बस सेवाओं के बहाल करने सहित शिक्षा से जुड़े मामलों में विद्यालयों की आवश्यक सुविधाओं और विद्यार्थियों के आवागमन की समस्याओं पर भी चर्चा की गई। इसके अतिरिक्त जिला पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्रों में बिजली की समस्या को भी उठाया तथा संबंधित अधिकारियों से समयबद्ध उचित कदम उठाने को कहा।
इसी बीच विभिन्न उपमंडलों में वाहन पंजीकरण प्रमाणपत्र, ड्राइविंग लाइसेंस, शस्त्र लाइसेंस और अन्य विभागीय औपचारिकताओं से जुड़े मामलों में अनावश्यक देरी का मुद्दा भी उठाया गया। पूर्ण दस्तावेज जमा करवाने के बावजूद आवेदन लंबे समय तक लंबित रहने से आम लोगों और वाहन संचालकों को हो रही परेशानी पर चिंता जताई गई। अधिकारियों को ऐसे मामलों का निर्धारित समय में निपटारा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त बैठक में बरसात से प्रभावित गरीब परिवारों के पशुशालाओं और सुरक्षा दीवारों के नुकसान का आकलन कर नियमानुसार राहत उपलब्ध करवाने तथा विस्थापित परिवारों से जुड़े राजस्व मामलों के समाधान पर भी चर्चा हुई। एनटीपीसी कोलडैम से प्रभावित क्षेत्रों में स्थानीय लोगों को रोजगार में प्राथमिकता देने, सीएसआर के तहत विकास कार्यों का लाभ प्रभावित गांवों तक पहुंचाने तथा स्थानीय ठेकेदारों को कार्यों में उचित अवसर उपलब्ध करवाने के विषय भी बैठक में रखे गए। कोलडैम अस्पताल में विभिन्न सेवाओं से संबंधित शिकायतों और क्षेत्र की सीवरेज योजना को उन्नत करने का मामला भी उठाया गया।
बैठक में जिला परिषद के सभी सदस्य तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।