चंडीगढ़, 26 नवंबर। इंडियन नेशनल लोकदल के रानिया से विधायक अर्जुन चौटाला ने संविधान दिवस पर बीजेपी सरकार द्वारा बुलाए गए एक दिवसीय सत्र के दौरान अपने संबोधन में सबसे पहले संविधान निर्माता बाबा साहेब भीम राव अंबेडकर और बी आर नरसिंह राव को नमन करते हुए कहा कि जहां बाबा साहेब ने संविधान को अंतिम रूप देकर हर नागरिक को अधिकार देने का काम किया वहीं संविधान के लिए शोध करने और उसका मसौदा तैयार करने और लिखने का काम नरसिंह राव ने किया था। नरसिंह राव पहले सिविल सर्वेंट थे जो इंटरनेशनल कोर्ट ऑफ जस्टिस के जज बने थे।
अर्जुन चौटाला ने आगे कहा कि आज के कांग्रेस के नेता संविधान को बनाने का झूठा श्रेय ले रहे हैं। जबकि सच्चाई यह है कि 1969 में इंदिरा गांधी को कांग्रेस से निकाल दिया था तब इंदिरा गांधी ने कांग्रेस (आई) बना ली थी और जो असली कांग्रेस जिसने संविधान बनाया था उसके सारे नेता जनता पार्टी में शामिल हो गए थे। महात्मा गांधी, नेता जी सुभाष चंद्र बोस, सरदार पटेल और पंडित जवाहरलाल नेहरू को सबसे बड़ा योगदान था जिनको हम भी मानते हैं। जननायक देवीलाल भी उसी असली कांग्रेस का हिस्सा होते थे।
अर्जुन चौटाला ने कहा कि अगर बीजेपी सरकार सच में जनता को संविधान के प्रति जागरूक करने के प्रति गंभीर होती तो यह कार्यक्रम विधानसभा में न रख कर स्कूल, कॉलेज और यूनिवर्सिटी में आयोजित करवाते ताकि आने वाली पीढ़ी को संविधान के बारे में जानकारी मिल सकती। उन्होंने कहा कि आज अच्छा मौका है बीजेपी सरकार एक रेजोल्यूशन लाए और पास करे कि हरियाणा शिक्षा बोर्ड द्वारा स्कूलों में दसवीं कक्षा में कॉन्स्टिट्यूशन ऑफ इंडिया के नाम से एक विषय या कम से कम एक चैपटर शुरू करे ताकि बच्चों को उनके अधिकार और कर्तव्य के बारे में पूरी जानकारी मिल सके।

आज बीजेपी के राज में अघोषित आपातकाल लगा दिया गया है: अदित्य देवीलाल

हमारा संविधान केवल सरकार चलाने की किताब नहीं है बल्कि यह गरीब के अधिकार की बात, किसान के सम्मान, मजदूर की मेहनत की सुरक्षा, युवा के भविष्य की उम्मीद, हर नागरिक के सम्मान और न्याय के साथ जीने का अधिकार देने का दस्तावेज है

विधानसभा में इनेलो के विधायक दल के नेता अदित्य देवीलाल ने अपने संबोधन में कहा कि हमारा संविधान केवल सरकार चलाने की किताब नहीं है बल्कि यह गरीब के अधिकार की बात, किसान के सम्मान, मजदूर की मेहनत की सुरक्षा, युवा के भविष्य की उम्मीद, हर नागरिक के सम्मान और न्याय के साथ जीने का अधिकार देने का दस्तावेज है। आज भारत का हर नागरिक जागरूक है और अपने अतीत, वर्तमान और भविष्य को अच्छे से देखता है। पूर्व में कांग्रेस द्वारा लगाए गए आपातकाल के दौरान संविधान की धज्जियां उड़ाई थी तो देश की जनता ने उन्हें सत्ता से बेदखल कर दिया था। उन्होंने एक सवाल करते हुए कहा कि जब देश का प्रधानमंत्री, प्रदेश का मुख्यमंत्री और चुना हुआ विधायक झूठ बोले तो क्या वो संविधान की अवहेलना नहीं है? क्या संविधान के तहत जो आमजन चाहता है उसकी जवाबदेही सरकार की नहीं होनी चाहिए? आज बीजेपी के राज में अघोषित आपातकाल लगा दिया गया है। आज आम नागरिक सरकार से कोई सवाल नहीं पूछ सकता। अगर कोई सोशल मीडिया पे सरकार से सवाल करता है तो तुरंत उसके घर पर पुलिस भेज दी जाती है और आवाज को दबा दिया जाता है। आज लोग बीजेपी सरकार का मजाक उड़ा रहे हैं कि जो सत्ता में काबिज है वो ही संविधान को बचाने के लिए पैदल मार्च निकाल रहे हैं।