चंडीगढ़, 2 नवंबर। इंडियन नेशनल लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला ने उत्तर प्रदेश और बिहार से तस्करी करके लाए जा रहे धान पर बीजेपी सरकार द्वारा पाबंदी लगाए जाने के दावों को झूठ का पुलिंदा बताते हुए कहा कि सरकार द्वारा हरियाणा और यूपी बॉर्डर पर नाकेबंदी सिर्फ दिखावा मात्र है। राईस मिलरों द्वारा सरकार की मिलीभगत से बिहार और उत्तर प्रदेश से सरेआम सस्ती धान हजारों की तादाद में ट्रकों में भरकर लाई जा रही है। राइस मिलर सरकारी धान को महंगे दामों पर बेच रहे हैं और उसकी खानापूर्ति बिहार और यूपी से सस्ते धान लाकर की जा रही है। यानी, बाहर का धान हरियाणा के किसानों के धान के रूप में दिखाकर सरकार को बेचा जा रहा है। इससे मिलों को लाभ हो रहा है, लेकिन हरियाणा के किसानों को नुकसान। अधिकारियों द्वारा फर्जी रिकॉर्ड और गलत स्टॉक की रिपोर्ट बना कर दी जाती है। इतना ही नहीं घटे हुए स्टॉक को पूरा दिखाने के लिए झूठे कागज तैयार किए जा रहे हैं और गलत गेट पास भी काटे जा रहे हैं। कई डिफॉल्टर राइस मिलों को फिर से अलॉटमेंट दी गई है। डिफॉल्टर राइस मिलों को दोबारा अलॉटमेंट देना बगैर सरकारी मिलीभगत के संभव ही नहीं है। यह धान घोटाला हजारों करोड़ रूपए का घोटाला है। हरियाणा के किसान अपनी फसल मंडियों में ला रहे हैं, लेकिन खरीद में देरी हो रही है। नमी के बहाने कम दाम मिल रहे हैं, या फसल कई दिनों तक पड़ी रहती है। किसानों पर इतने जुल्म और अत्याचार तो अंग्रेजों ने भी नहीं किए जितने आज बीजेपी सरकार कर रही है। बीजेपी सरकार के भ्रष्टाचार के कारण किसान की फसल न तो एमएसपी पर बिक रही है और धान की नमी के नाम पर भी किसानों को लूटा जा रहा है।