नगर निकाय चुनावों के लिए आरक्षण सीटों का ड्रा ऑफ लॉट्स 30 मार्च को
ऊना, 27 मार्च. ऊना जिले के नगर निकायों में आगामी चुनावों के लिए अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति तथा महिला उम्मीदवारों के लिए सीटों के आरक्षण एवं रोटेशन का निर्धारण 30 मार्च को ड्रा ऑफ लॉट्स के माध्यम से किया जाएगा।
उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने बताया कि हिमाचल प्रदेश नगर पालिका चुनाव नियम, 2015 के नियम 10(8) के तहत यह प्रक्रिया 30 मार्च को प्रातः 11 बजे आयोजित की जाएगी। इसके तहत नगर पंचायत अंब, गगरेट, दौलतपुर चौक तथा टाहलीवाल और नगर परिषद मेहतपुर-बसदेहड़ा व संतोषगढ़ में आरक्षित सीटों का निर्धारण किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि यह प्रक्रिया संबंधित नगर निकाय क्षेत्रों के तीन प्रमुख व्यक्तियों तथा राज्य सरकार के तीन राजपत्रित अधिकारियों की उपस्थिति में संपन्न होगी। उप-मंडलीय अधिकारी (सिविल) अंब, गगरेट, हरोली तथा ऊना अपने-अपने कार्यालयों में ड्रा ऑफ लॉट्स के माध्यम से यह प्रक्रिया पूरी करेंगे।
उपायुक्त ने इच्छुक उम्मीदवारों, राजनीतिक दलों तथा आम नागरिकों से निर्धारित तिथि, समय और स्थान पर उपस्थित होकर इस प्रक्रिया में भाग लेने का आग्रह किया है, ताकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया की पारदर्शिता और सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जा सके।
======================================
डीसी जतिन लाल ने की एलपीजी व व्यावसायिक गैस आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा
सिलेंडरों की उपलब्धता एवं सुचारू आपूर्ति को लेकर दिए जरूरी निर्देश
ऊना, 27 मार्च. घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की मांग में हाल ही में हुई अप्रत्याशित वृद्धि के मद्देनजर उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने संबंधित विभागों, ऑयल कंपनियों एवं गैस एजेंसियों के साथ बैठक कर स्थिति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने गैस आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
उपायुक्त ने बताया कि जिले में एलपीजी की उपलब्धता सामान्य है तथा पूर्व की भांति गैस का लोड नियमित रूप से प्राप्त हो रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और गैस बुकिंग को लेकर अनावश्यक दबाव न बनाएं।
गैस एजेंसियों को स्टॉक व आपूर्ति व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश
उपायुक्त ने जिले की सभी गैस एजेंसियों को अपने-अपने स्टॉक (14.2 किलोग्राम, 20 किलोग्राम तथा 19 किलोग्राम) पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही गैस लोड के सुचारू फंड फ्लो और परिवहन की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने, ऑयल कंपनियों को समय-समय पर मांग का इंडेंट भेजने तथा उपभोक्ताओं द्वारा की गई बुकिंग के आधार पर बिना किसी भेदभाव के गैस सिलेंडरों की आपूर्ति करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने किसी भी प्रकार की ओवरचार्जिंग, जमाखोरी और मुनाफाखोरी से बचने, निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार नियमित रूप से सिलेंडरों की आपूर्ति करने तथा व्यावसायिक सिलेंडरों की आपूर्ति में अस्पतालों, शैक्षणिक और चिकित्सा संस्थानों को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए। साथ ही एजेंसियों को ऑनलाइन स्टॉक और रजिस्टर नियमित रूप से अपडेट रखने को कहा गया है।
*अफवाहों से बचें, घर बैठे करें गैस बुकिंग
उपायुक्त ने जिलावासियों से अपील की है कि जिले में गैस की उपलब्धता पर्याप्त है, इसलिए अफवाहें न फैलाएं और अनावश्यक रूप से गैस एजेंसियों पर भीड़ न लगाएं। गैस सिलेंडर की बुकिंग एजेंसी के दूरभाष, मोबाइल नंबर या आधिकारिक ऐप के माध्यम से घर बैठे की जा सकती है।
उन्होंने बताया कि जिले में लगभग 13,500 घरों को पाइपलाइन गैस से जोड़ा गया है, जिनमें से करीब 6,600 घरों में गैस आपूर्ति सुचारू रूप से चल रही है। अन्य उपभोक्ताओं के घरों तक पाइपलाइन बिछने के बावजूद कई स्थानों पर अभी कनेक्शन सक्रिय नहीं किए गए हैं। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार पाइपलाइन गैस कनेक्शन जारी करवाएं, ताकि बिना किसी परेशानी के गैस आपूर्ति मिल सके।
*होटल, ढाबा व व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को पीएनजी अपनाने की सलाह
जतिन लाल ने कहा कि सरकार के निर्देशों के अनुसार अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों को गैस आपूर्ति में प्राथमिकता दी जा रही है। इसके अलावा होटल, रेस्टोरेंट और ढाबा संचालकों, जो एजेंसियों में पंजीकृत हैं, उन्हें मांग के अनुसार व्यावसायिक गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि जिले के 63 प्रतिष्ठानों को पाइपलाइन गैस उपलब्ध है और वे बिना किसी समस्या के अपना कार्य संचालित कर रहे हैं। जिन क्षेत्रों में पाइपलाइन बिछ चुकी है, वहां के होटल, ढाबा और रेस्टोरेंट संचालकों से पीएनजी के तहत गैस का व्यावसायिक कनेक्शन लेने की अपील की गई है, ताकि गैस आपूर्ति निर्बाध रूप से जारी रह सके।
उपायुक्त ने बताया कि पीएनजी के घरेलू या व्यावसायिक कनेक्शन संबंधी जानकारी के लिए भारत पेट्रोलियम कंपनी के कार्यालय, रक्कड़ कॉलोनी ऊना या उनके दूरभाष नंबर 94177-50485 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ऊना के दूरभाष नंबर 01975-226016 पर भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
*ओवरचार्जिंग व जमाखोरी पर नियमित निगरानी के निर्देश
जिलादंडाधिकारी ऊना ने खाद्य आपूर्ति विभाग, पुलिस विभाग और ऑयल कंपनियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने कार्यक्षेत्र में नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करें। किसी भी प्रकार की ओवरचार्जिंग, जमाखोरी या मुनाफाखोरी पाए जाने पर विभागीय नियमों के अनुसार तुरंत कार्रवाई की जाए।
=========================================
ज़िला के 27 स्वास्थ्य संस्थानों में लगाई जाएगी सर्वाइकल कैंसर बचाव वैक्सीन - डॉ संजीव वर्मा *
ऊना 27 मार्च। स्वास्थ्य एवं कल्याण विभाग द्वारा ज़िला ऊना में सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय के मुंह के कैंसर) से बचाव के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के अन्तर्गत 29 मार्च, 5 अप्रैल व 12 अप्रैल रविवार के दिन जिला के 27 डेडिकेटेड स्वास्थ्य संस्थानों में एचपीवी टीकाकरण किया जाएगा। यह जानकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी ऊना डॉ संजीव कुमार वर्मा ने आज(शुक्रवार) को क्षेत्रीय अस्पताल में एक पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए दी।
डॉ संजीव वर्मा ने बताया कि जिला ऊना में 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की लगभग 4500 बच्चियों को यह वैक्सीन लगाई जाएगी, जोकि पूर्णतः नि:शुल्क है। इसमें अब तक वैक्सीनेशन के लिए एक हज़ार बच्चियों का रजिस्ट्रेशन हो चुका है। उन्होंने बताया कि इस टीकाकरण के लिए मौके पर भी बच्चियों का वैक्सीनेशन के लिए पंजीकरण किया जाएगा।
डॉ वर्मा ने बताया कि इस वैक्सीन की एक खुराक लम्बे समय तक इम्युनिटी प्रदान करने के लिए सक्षम है। यह टीका कैंसर पैदा करने वाले वायरस से सुरक्षा प्रदान करता है तथा पूर्णतया प्रभावशाली और सुरक्षित है। यह वैक्सीन पहले से ही 159 देशों में दी जा रही है तथा अब यह भारत में शुरू की जा रही है I यह वैक्सीन सीडीएससीओ व एनटीएजीआई द्वारा सलाह पर और डीजीसीआई द्वारा प्रमाणित है। ये वैक्सीन विकसित देशों में पहले से ही लगाई जा रही है जिनमें कनाडा, ऑस्ट्रेलिया व यूके जैसे देश भी शामिल हैं I
डॉ राम पाल शर्मा खंड चिकित्सा अधिकारी बसदेहडा और उनकी धर्मपत्नी डॉ अनुपम शर्मा ने बताया की उन्होंने भी अपनी बेटी कुमारी प्रणवी शर्मा को प्राइवेट क्षेत्र में लगवाई है जो कि पूरी तरह से सुरक्षित है I
साथ ही, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ संजीव कुमार वर्मा ने यह भी जानकारी साँझा की कि जिला ऊना के वरिष्ठ चिकित्सकों ने भी अपनी बेटियों को यह वैक्सीन लगवा चुके है तथा पूर्णतया इस वैक्सीन से संतुष्ट हैं I
उन्होंने जिलावासियों से अपील की है कि इस टीकाकरण को लेकर किसी प्रकार की भ्रांतियों में न आएं और बच्चियों का भविष्य सुरक्षित बनाने के लिए बढ़-चढ़कर आगे आएं। उन्होंने कहा कि इससे बांझपन या किसी भी तरह के दीर्घकालिक दुष्प्रभाव नहीं होते है, बल्कि एचपीवी वायरस के संक्रमण से प्रजनन क्षमता में कमी व गर्भधारण में बाधा आ सकती है। यह टीका कैंसर के कारण होने वाले प्रजनन अंगों के नुकसान को रोककर प्रजनन क्षमता की रक्षा करने में सहायक है।
इस अवसर पर क्षेत्रीय अस्पताल ऊना के चिकित्सा अधीक्षक डॉ संजय मनकोटिया, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ रिचा कालिया, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ विकास चौहान, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ प्रियंका, जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ अंकित चौधरी, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ राम पाल शर्मा, डॉ अनुपम शर्मा व उनकी सपुत्री कुमारी प्रणवी शर्मा, जन शिक्षा अधिकारी गोपाल कृष्ण, दीपक चब्बा उपस्थित रहे I