जल संरक्षण हम सब की सामूहिक जिम्मेदारी: डॉ. सुनंदा पठानिया

एटीसी एवं आईटीआई शाहपुर ने निकाली जल संरक्षण रैली


शाहपुरा,27मार्च-आज एटीसी शाहपुर ने राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) शाहपुर के सहयोग से जल संरक्षण विषय पर जागरूकता रैली एवं कार्यशाला का आयोजन किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्रों और आम जनता को पानी के महत्व, उसके सही उपयोग और भविष्य के लिए जल बचाने के उपायों के प्रति जागरूक करना रहा।

इस अवसर पर आईटीआई शाहपुर के छात्रों और शिक्षकों ने शाहपुर बाजार तक एक भव्य रैली निकाली। रैली के दौरान छात्रों ने जल है तो कल है और पानी बचाओ, जीवन बचाओ जैसे नारों के माध्यम से स्थानीय लोगों को जल संरक्षण का संदेश दिया। रैली के जरिए यह बताया गया कि पानी का विवेकपूर्ण उपयोग आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

रैली के समापन के बाद सभी छात्र और शिक्षक एटीसी शाहपुर परिसर में एकत्रित हुए, जहां संस्थान की वैज्ञानिक अधिकारी (SO) डॉ. सुनंदा पठानिया ने जल संरक्षण पर अपने विचार साझा किए।

उन्होंने छात्रों के साथ इस विषय पर विस्तृत चर्चा करते हुए बताया कि छोटी-छोटी आदतों में बदलाव करके भी जल की बड़ी बचत की जा सकती है।

डॉ. सुनंदा पठानिया ने कहा जल ही जीवन का आधार है, और इसे प्रदूषित होने से बचाना तथा संरक्षित करना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है।

इस दौरान छात्रों को जल संरक्षण और पानी के सदुपयोग पर आधारित एक ज्ञानवर्धक डॉक्यूमेंट्री भी दिखाई गई।

कार्यक्रम के अंत में एटीसी स्टाफ, आईटीआई के शिक्षकों और छात्रों ने सामूहिक शपथ ली कि वे अपने दैनिक जीवन में पानी की बर्बादी रोकेंगे और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करेंगे।

इस जागरूकता अभियान में आईटीआई शाहपुर और एटीसी शाहपुर के समस्त स्टाफ ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

======================================

आरसेटी ने 30 महिलाओं को सिखाया कैंडल बनाना

मीरपुर 27 मार्च। मट्टनसिद्ध स्थित पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) हमीरपुर द्वारा महिलाओं के लिए आयोजित 12 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर शुक्रवार को संपन्न हो गया। इस शिविर में 30 महिलाओं को मोमबत्ती बनाने का प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
शिविर के समापन अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न टीकाकरण अभियानों, टीबी मुक्त अभियान और एड्स नियंत्रण कार्यक्रम के जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सुनील वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि स्वस्थ व्यक्ति ही जीवन में आगे बढ़ सकता है। इसलिए, हमें दैनिक कार्यों के साथ-साथ अपने स्वास्थ्य का भी विशेष ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने महिलाओं को एचआईवी-एड्स और टीबी इत्यादि के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
इससे पहले, संस्थान के निदेशक अजय कतना ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया तथा संस्थान की विभिन्न गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं को उद्यमिता से संबंधित भी कई महत्वूपर्ण जानकारियां प्रदान की।
कार्यक्रम में शिविर के मूल्यांकनकर्ता रणजीत कलोत्रा और लीला देवी, फैकल्टी मैंबर विनय चौहान, ट्रेनर कंचन और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।