गरीब बंदियों को आर्थिक राहत देने को सशक्तिकरण समिति की त्रैमासिक समीक्षा बैठक आयोजित

बिलासपुर, 07 अप्रैल: उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार की अध्यक्षता में आज बचत भवन में गरीब बंदियों के समर्थन हेतु गठित सशक्तिकरण समिति की त्रैमासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर बन्दियों को वित्तीय सहायता प्रदान करने से संबंधित मानक संचालन प्रक्रिया एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप विचाराधीन एवं सजायाफ्ता बन्दियों की सूची पर विस्तृत विचार-विमर्श करना रहा।

बैठक में पुलिस विभाग एवं न्यायिक तंत्र से जुड़े अधिकारियों ने भाग लिया, जिनमें जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव प्रतीक गुप्ता, पुलिस अधीक्षक कार्यालय के प्रतिनिधि डीएसपी मुनीश तथा अधीक्षक एन.आर. भारद्वाज उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान आर्थिक रूप से कमजोर विचाराधीन एवं सजायाफ्ता बंदियों के मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई। समिति ने ऐसे बंदियों की पहचान पर विशेष बल दिया जो आर्थिक तंगी के कारण जमानत राशि अथवा जमानती बांड की शर्तें पूरी करने में असमर्थ हैं।

उपायुक्त ने निर्देश दिए कि पात्र बंदियों को निर्धारित मानक संचालन प्रक्रियाओं (एसओपी) के अनुरूप समयबद्ध तरीके से वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि वे न्यायिक प्रक्रिया में उचित अवसर प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि यह योजना समाज के कमजोर वर्गों को न्याय तक समान पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय बढ़ाने तथा मामलों के शीघ्र निपटान के लिए सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से न केवल बंदियों को राहत मिलेगी, बल्कि न्याय व्यवस्था में पारदर्शिता और संवेदनशीलता भी सुदृढ़ होगी।

बैठक में समिति के सदस्यों ने योजना के क्रियान्वयन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत विचार-विमर्श किया। समिति ने भविष्य में इस पहल को और अधिक प्रभावी ढंग से लागू करने तथा निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया के अंतर्गत पात्र बन्दियों के समग्र सशक्तिकरण पर विशेष बल दिया।

============================================

जिला स्तरीय हिमाचल दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. कर्नल धनीराम शांडिल करेंगे समारोह की अध्यक्षता

बिलासपुर, 07 अप्रैल: जिला स्तरीय हिमाचल दिवस समारोह के सफल आयोजन को लेकर आज उपायुक्त राहुल कुमार की अध्यक्षता में बचत भवन में बैठक आयोजित की गई। बैठक में समारोह की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई तथा विभिन्न विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
उपायुक्त राहुल कुमार ने बताया कि जिला स्तरीय हिमाचल दिवस समारोह 15 अप्रैल को राजकीय छात्र वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बिलासपुर के परिसर में धूमधाम से आयोजित किया जाएगा। समारोह की अध्यक्षता स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री डॉ. कर्नल धनीराम शांडिल करेंगे।
उन्होंने बताया कि हिमाचल दिवस के अवसर पर मुख्यातिथि चंगर स्थित शहीद स्मारक पर माल्यार्पण कर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के उपरांत मुख्य कार्यक्रम स्थल पर ध्वजारोहण करेंगे तथा पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी, एनएसएस आदि टुकड़ियों द्वारा प्रस्तुत भव्य मार्च पास्ट की सलामी लेंगे। इस अवसर पर मुख्यातिथि जिला वासियों को अपना संदेश भी देंगे।
उपायुक्त ने बताया कि परेड में पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी (नेवल विंग) तथा होमगार्ड बैंड की टुकड़ियां भाग लेंगी। समारोह के दौरान विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया जाएगा।
उन्होंने सभी संबंधित विभागों को समारोह को लेकर सभी तैयारियां को समयबद्ध पूरा करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस, लोक निर्माण, जल शक्ति, बागवानी, भाषा एवं संस्कृति, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति तथा सैनिक कल्याण विभागों के साथ-साथ राज्य बिजली बोर्ड एवं नगर परिषद को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि आयोजन सफल एवं भव्य रूप से संपन्न हो सके।
इस अवसर पर एसडीएम डाॅ. राजदीप सिंह, एएसपी शिव चैधरी, सहायक आयुक्त राज कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

=============================================

सकरोहा-मझवाड-जबलयाणा सोहर सड़क मार्ग आगामी 30 अप्रैल तक यातायात के लिए बंद
बिलासपुर, 07 अप्रैल: जिला दण्डाधिकारी एवं उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 115 के अंतर्गत आदेश जारी करते हुए बताया कि लोक निर्माण विभाग मण्डल बिलासपुर के अंतर्गत सकरोहा-मझवाड-जबलयाणा सोहर सड़क मार्ग आवश्यक मरम्मत कार्य के चलते प्रातः 9 बजे से सांय 5 बजे तक सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही के लिए आगामी 30 अप्रैल तक बंद रहेगा।
जारी आदेश में इस दौरान सभी वाहनों को वाया फोरलेन-भगेड-डैहर और डैहर से सोहर जबलयाणा सडक मार्ग का उपयोग करने को कहा गया है। उन्होंने जारी आदेशों में बताया कि मरम्मत कार्य के दौरान इस सड़क मार्ग पर केवल एम्बुलेंस, स्कूल बसों, वीआईपी वाहनों तथा अन्य आपातकालीन सेवा वाहनों की आवाजाही की ही अनुमति रहेगी।

===========================================

कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर 1800 मीटर लंबी पहली ट्विन ट्यूब टनल का हुआ सफल ट्रायल रन
मौके पर जिला प्रशासन और एनएचएआई के अधिकारी रहे उपस्थित

बिलासपुर, 07 अप्रैल: कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर यातायात को अधिक सुगम और सुरक्षित बनाने की दिशा में आज एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की गई, जब बिलासपुर के कैंचीमोड़ स्थित टनल-1 में निर्मित 1800 मीटर लंबी पहली ट्विन ट्यूब टनल का सफल ट्रायल रन किया गया। इस ट्रायल रन की सफलता के साथ ही दोनों सुरंगों में डबल लेन के माध्यम से यातायात संचालन की दिशा में प्रक्रिया लगभग पूर्ण कर ली गई है।
इस अवसर पर उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार, पुलिस अधीक्षक संदीप धवल, अतिरिक्त उपायुक्त ओमकांत ठाकुर, प्रोजेक्ट डायरेक्टर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एन.एच.ए.आई.) वरुण चारी सहित प्रशासन एवं एन.एच.ए.आई. के अन्य अधिकारी तथा भारत कंस्ट्रक्शन कंपनी के प्रतिनिधि राजीव गर्ग उपस्थित रहे।
उपायुक्त राहुल कुमार ने बताया कि ट्विन ट्यूब टनल को चालू करने की दिशा में आज ट्रायल रन आयोजित किया गया है। ट्रायल रन के उपरांत एन.एच.ए.आई. द्वारा टनल के भीतर लाइटिंग, वेंटिलेशन तथा अन्य सुरक्षा मानकों का अंतिम परीक्षण किया जाएगा। अंतिम परीक्षण की प्रक्रिया पूर्ण होने के पश्चात इसे औपचारिक रूप से हरी झंडी प्रदान की जाएगी। जिसके उपरांत दोनों ट्यूब्स में वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू कर दी जाएगी, जिससे यातायात का दबाव संतुलित रहेगा और सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी।
उपायुक्त ने कहा कि टनल के भीतर ट्रायल रन के बाद अन्य तकनीकी बारीकियों की जांच का कार्य भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा। जिसके बाद इस ट्विन ट्यूब टनल को शीघ्र ही आम जनता के लिए सुचारू रूप से खोल दिया जाएगा, जिससे फोरलेन पर सफर करने वाले यात्रियों को जाम की समस्या और दुर्घटनाओं की दृष्टि से जोखिम भी कम होगा।
राहुल कुमार ने बताया कि भविष्य में कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर निर्मित अन्य टनलों को भी चरणबद्ध तरीके से ट्विन ट्यूब टनल में विकसित किया जाएगा, ताकि पूरे मार्ग पर यातायात को अधिक सुरक्षित, तेज और सुविधाजनक बनाया जा सके।

============================

राज्य स्तरीय ग्रीष्मोत्सव घुमारवीं के तीसरे दिन बेबी शो का हुआ आयोजन
अथर्व, आरव और आरव चैहान अपने-अपने वर्ग में रहे प्रथम

घुमारवीं (बिलासपुर), 07 अप्रैल: राज्य स्तरीय ग्रीष्मोत्सव घुमारवीं-2026 के अंतर्गत आज बेबी शो प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से सभी का दिल जीत लिया। इस आयोजन में अभिभावकों और दर्शकों की भी उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली। खंड चिकित्सा अधिकारी घुमारवीं डाॅ. अनुपम शर्मा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की तथा विजेता एवं प्रतिभागी बच्चों को पुरस्कृत किया।

यह बेबी शो प्रतियोगिता तीन आयु वर्गों में आयोजित की गई, जिसमें कुल 44 बच्चों ने भाग लिया। 0 से 1 वर्ष आयु वर्ग में आयोजित प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर अथर्व, द्वितीय स्थान पर विहान तथा तृतीय स्थान पर अनंत रहे। इसी तरह 1 से 2 वर्ष आयु वर्ग में आरव ने पहला, अंशिका ने दूसरा तथा यशस्वी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। जबकि 2 से 3 वर्ष आयु वर्ग की प्रतियोगिता में आरव चौहान प्रथम, नव्या द्वितीय तथा अभिराज तृतीय स्थान पर रहे।

इस अवसर पर बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण तथा शारीरिक विकास और सामान्य स्वास्थ्य की भी जांच की गई।

=========================================

निर्वाचक नामावली में किसी भी प्रकार के आक्षेप के लिए 16 अप्रैल तक करवाएं आपत्तियां दर्ज
बिलासपुर, 07 अप्रैल: निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी नगर पंचायत झंडूता एवं उपमंडलाधिकारी (नागरिक) अर्शिया शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि निर्वाचन नामावली, हिमाचल प्रदेश नगर पालिका निर्वाचन नियम 2015 के अनुसार तैयार की जा चुकी है और जिसकी प्रति एसडीएम कार्यालय तथा नगर पालिका और तहसीलदार झंडूता के कार्यालय में निरीक्षण के लिए उपलब्ध है।
उन्होंने बताया कि यदि निर्वाचक नामावली में किसी नाम को सम्मिलित किए जाने के लिए कोई दावा हो या किसी नाम के सम्मिलित किए जाने सम्बन्धी या किसी प्रविष्टि में किन्हीं विशिष्टियों के बारे में कोई आक्षेप हो तो उन्हें प्रारूप 4, 5 और 6 में 16 अप्रैल या इससे पूर्व दाखिल किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक ऐसा दावा या आक्षेप पुनरीक्षण प्राधिकारी तहसीलदार झंडूता को व्यक्तिगत रुप में या अभिकर्ता या रजिस्ट्रीकृत डाक द्वारा प्रस्तुत किया जा सकता है।

============================================

उचित मूल्य की नई दुकान के आवंटन हेतु आवेदन आमंत्रित
बिलासपुर 07 अप्रैलः जिला नियंत्रक, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले बिलासपुर बृजेन्द्र पठानिया ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला स्तरीय सार्वजनिक वितरण प्रणाली की समिति द्वारा विकासखण्ड सदर के तहत गांव मकड़ोग वार्ड नम्बर 06 में नई उचित मूल्य की दुकान आबंटित की गई है। उन्होंने बताया कि इच्छुक आवेदनकर्ता आगामी 5 मई तक आॅनलाइन पोर्टल ीजजचेरूध्ध्मउमतहपदहीपउंबींसण्ीचण्हवअण्पदध्इंबा वििपबमध्ेपजमध्सवहपद पर आवेदन प्रस्तुत कर सकते है।
उन्होंने बताया कि इच्छुक आवेदनकर्ता अपने आवेदन के साथ दसवीं व उच्च शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र, सम्बन्धित ग्राम पंचायत सचिव/कार्यकारी अधिकारी नगर परिषद द्वारा जारी वार्ड प्रमाण पत्र, बीपीएल/ओबीसी/एससी/एसटी प्रमाण पत्र, सार्वजनिक संस्थान/निकायों के पंजीकरण व सहकारी सभा व अन्य संस्थानों के पदाधिकारियों के नाम की सूची, शिक्षित बेरोजगार प्रमाणपत्र, परिवार में कोई सदस्य सरकारी नौकरी या राजनीतिक पद पर न होने का प्रमाण/घोषणा पत्र, हिमाचल प्रदेश विनिद्र्विष्ट आवश्यक वस्तुओं (वितरण का विनियमन) आदेश-2019 की शर्तों के तहत प्रमाण/शपथ पत्र जो कि जिला नियंत्रक कार्यालय से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से प्राप्त किया जा सकता है।
इसके अतिरिक्त भूतपूर्व सैनिक होने पर पीपीओ/डिस्चार्ज बुक के प्रमाण, उचित मूल्य की दूकान के संचालन स्थल का सत्यापित साइट मैप जो किसी प्राधिकृत अधिकारी द्वारा सत्यापित किया हो की छायाप्रति, उचित मूल्य की दूकान के संचालन हेतु व्यवस्थित कमरे/गोदाम/दुकान किराए पर होने की स्थिति में किरायानामा अथवा स्वामित्व का घोषणा पत्र आदि अनिवार्य रूप से संलग्न करने होंगे। उन्होंने बताया कि उचित मूल्य की दुकान संचालन हेतु एकल नारी, विधवा जो स्वयं अपने बच्चों का पालन पोषण कर रही हो, शारीरिक रुप से दिव्यांग जो उचित मूल्य की दुकान का कार्य ठीक प्रकार से करने में सक्षम हो वह भी आवेदन कर सकते है।
उन्होंने बताया कि आवेदक की आयु 18 से 45 वर्ष के मध्य होना चाहिए। प्राप्त आवेदनों की मेरिट के आधार पर प्राथमिकता सरकार द्वारा निर्धारित मापदंडों के अनुसार दी जाएगी और निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि अधिक जानकारी के लिए जिला नियंत्रक, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले, बिलासपुर के कार्यालय से किसी भी कार्य दिवस के दिन संपर्क किया जा सकता है।