राज्य स्तरीय हरोली उत्सव - 2026
4 दिवसीय उत्सव के लिए हरोली मैदान सज-धज के तैयार, तैयारियां मुकम्मल
ऊना, 10 अप्रैल. बैसाखी के उत्साह से सराबोर राज्य स्तरीय हरोली उत्सव-2026 को लेकर सोमभद्रा तट पर स्थित हरोली मैदान, रोड़ा सज-धज के तैयार है। 11 से 14 अप्रैल तक हो रहे इस आयोजन को लेकर सभी विभागों ने आपसी समन्वय से उत्सव संबंधी सभी तैयारियाों को मुकम्मल कर लिया है।
मुख्यमंत्री करेंगे शुभारंभ, भव्य शोभायात्रा का होगा आयोजन
हरोली उत्सव समिति के अध्यक्ष एवं एसडीएम हरोली विशाल शर्मा ने बताया कि राज्य स्तरीय हरोली उत्सव का शुभारंभ 11 अप्रैल को सायं 5 बजे मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू द्वारा किया जाएगा। वे बस अड्डा हरोली से आयोजन स्थल आयोजित होने वाली भव्य शोभायात्रा की अगुवाई के उपरांत हरोली मैदान, रोड़ा में समारोह का उद्घाटन करेंगे। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री इस मौके साथ होंगे।
वहीं, 12 अप्रैल को उत्सव की दूसरी सांस्कृतिक संध्या में विधायक एवं हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विनय कुमार बतौर मुख्यातिथि शामिल होंगे। तीसरी सांस्कृतिक संध्या में हिमाचल प्रदेश के महाधिवक्ता अनूप रत्न बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे। आयोजन के समापन समारोह में पूर्व सांसद एवं प्रभारी हिमाचल प्रदेश कांग्रेस रजनी पाटिल मुख्यातिथि होंगी।
काफ रैली और डाॅग शो होगा आयोजित
पशुपालन विभाग ऊना के उपनिदेशक डाॅ वीरेंद्र सिंह पटियाल ने जानकारी दी कि उत्सव की दूसरे दिन 12 अप्रैल को सुबह 10 बजे काफ रैली और 13 अप्रैल को सायं 3 बजे डाॅग शो आयोजित किया जाएगा। इन आयोजनों का मुख्य मकसद स्वस्थ बछड़ा-बछड़ी पालन के लिए प्रोत्साहन एवं श्वानों के महत्व को रेखांकित करना है। साथ ही 13 अप्रैल को गौवंश व भैंसों की उत्तम नस्लों का प्रदर्शन भी किया जाएगा ताकि क्षेत्र की संस्कृति में इन नस्लों का महत्व रेखांकित किया जा सके एवं पशुपालकों को उत्तम नस्ल के पशुपालन हेतु प्रोत्साहित किया जा सके। इसके अलावा पशु पालन विभाग की ओर से 11 से 14 अप्रैल तक पशुपालन से संबंधित जानकारी एवं पशुधन के गोबर और दूध के नमूनों की निःशुल्क जांच की जाएगी।
महिलाओं की प्रतियोगिताएं एवं पंजीकरण विवरण
एसडीएम ने बताया कि उत्सव में स्थानीय महिलाओं की प्रतिभा को मंच प्रदान करने और उत्सव में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 13 अप्रैल को महिलाओं के लिए रस्साकशी, मेहंदी और रंगोली प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। प्रतियोगितओं में उत्कृष्ट प्रर्दशन करने वाली महिलाओं को नगद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
इन प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए इच्छुक महिलाएं अपना पंजीकरण करवा सकती हैं। रस्साकशी प्रतियोगिता के लिए रावमापा हरोली के डीपी राजिंद्र बैंस, मोबाइल नम्बर 98164-29932, मेहंदी प्रतियोगिता के लिए ज्योति शर्मा, 70180-67510 और रंगोली प्रतियोगिता के लिए पुष्पा देवी, मोबाइल नम्बर 85806-37363 के पास महिलाएं अपना पंजीकरण करवा सकती हैं।
पंजाबी और स्थानीय प्रतिभाओं के सुरों से गुंजेगी हरोली*
राज्य स्तरीय हरोली उत्सव के 4 दिन हरोली की धरती प्रसिद्ध पंजाबी और स्थानीय प्रतिभाओं के सुरों से गुंजेगी। इनमें स्टार नाइट्स विशेष आकर्षण का केंद्र बनेंगी। इसमें हिमाचल के साथ-साथ पंजाब के प्रसिद्ध कलाकार अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे। वैसाखी पर्व से जुड़े इस आयोजन में 11 अप्रैल की संध्या में पंजाब के प्रसिद्ध कलाकार गिप्पी ग्रेवाल, 12 अप्रैल को जी. खान और प्रभ गिल, 13 अप्रैल को हिमाचल के सुप्रसिद्ध कलाकार कुलदीप शर्मा एवं अनुज शर्मा और 14 अप्रैल को गुरलेज़ अख़्तर और एमी विर्क राज्य स्तरीय हरोली उत्सव में अपने सुरों का जादू बिखेर कर लोगों का मनोरंजन करेंगे।
उल्लेखनीय है कि उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के प्रयासों से इस उत्सव को भव्य स्वरूप् दिया जा रहा है। यह उत्सव हरोली क्षेत्र की संस्कृति, परंपराओं के संरक्षण एवं सामाजिक जागरूकता के संकल्प को समर्पित है।
==================================================
मुख्यमंत्री बल्क ड्रग पार्क के 250 करोड़ के साइट विकास कार्यों का करेंगे शिलान्यास, वर्किंग महिला होस्टल की भी रखेंगे आधारशिला
राज्य स्तरीय हरोली उत्सव का करेंगे शुभारंभ
ऊना, 10 अप्रैल। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू 11 अप्रैल को अपने ऊना जिला के प्रवास के दौरान राष्ट्रीय महत्व की बल्क ड्रग पार्क परियोजना के 250 करोड़ रुपये के साइट विकास और अवसंरचना कार्यों का नींवपत्थर रखेंगे। वे शनिवार को दोपहर बाद साढे़ 3 बजे हरोली उपमंडल के तहत पोलियां में इन कार्यों का शिलान्यास करने के अलावा पंजुआना में 8 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले वर्किंग महिला होस्टल का भी शिलान्यास करेंगे। इस मौके पर उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री तथा उद्योग एवं संसदीय मामले मंत्री हर्षवर्धन भी उनके साथ मौजूद रहेंगे। यह जानकारी उद्योग विभाग के संयुक्त सचिव अंशुल धीमान ने दी।
बता दें, मुख्यमंत्री इसके उपरांत 11 अप्रैल से आरंभ हो रहे चार दिवसीय राज्य स्तरीय हरोली उत्सव 2026 का विधिवत रूप से शुभारंभ करेंगै।
गौरतलब है कि 2000 करोड़ रुपये की लागत से विकसित हो रहा यह 1405 एकड़ में विस्तारित औद्योगिक परिसर एक्टिव फार्मास्यूटिकल इंग्रेडिएंट्स के निर्माण में भारत को वैश्विक मंच पर सशक्त करेगा। अब तक दवाइयों के कच्चे माल के लिए भारत को अन्य देशों, विशेषतः चीन पर निर्भर रहना पड़ता था। ऐसे में यह परियोजना भारत की फार्मा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता का बुनियादी आधार बनेगी।
वर्तमान में पूरे देश में केवल तीन बल्क ड्रग पार्क परियोजनाएं स्थापित की जा रही हैं। जिनमें से एक हिमाचल के हरोली में आकार ले रही है। यह प्रदेशवासियों के लिए गौरव का विषय है। इस परियोजना से लगभग 15,000 लोगों को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने का अनुमान है।
नीतिगत दृढ़ता और जनसरोकार की प्रतिबद्धता
इस परियोजना की मूल अवधारणा केंद्र सरकार द्वारा निजी क्षेत्र की भागीदारी के साथ प्रस्तावित थी, परंतु वर्तमान प्रदेश सरकार ने इसे जनहित प्रथम की भावना से स्वयं संचालित करने का साहसिक निर्णय लिया। राज्य सरकार और केंद्र सरकार इस परियोजना में 1000-1000 करोड़ रुपये का समान निवेश कर साझेदार के रूप में कार्य कर रही हैं।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के सशक्त नेतृत्व में यह परियोजना तीव्र गति से आगे बढ़ रही है। इस परियोजना से जुड़ी 66 करोड़ की जल शक्ति विभाग की पेयजल योजनाओं के कार्य पूर्ण हो चुके हैं। इसके साथ ही 3400 करोड़ की लागत से 5 किमी लंबी रेलवे लाइन का निर्माण भी प्रस्तावित है जो इस पार्क को देश के राष्ट्रीय रेल नेटवर्क से जोड़कर निवेश और आपूर्ति श्रृखंला को सुदृढ़ बनाएगी। वहीं, 500 करोड़ से संतोषगढ़-जैजों सड़क के स्तरोन्यन की कार्य योजना पर भी कार्य किया जा रहा है, जो बल्क ड्रग पार्क योजना के लिए बेहतर सड़क कनेक्टिविटी का आधार बनेगी।
योजना क्रियान्वयन के प्रत्येक चरण में नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, तथा केंद्र एवं राज्य सरकारों के समस्त दिशा-निर्देशों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया गया है। जल सरक्षण, भू-जल पुनर्भरण, वनरोपण और प्रदूषण नियंत्रण के लिए समर्पित योजनाएं बनाई गई हैं।