मंडी जिला वॉलीबॉल टीम के लिए चयन ट्रायल 24 मई को: खेल अधिकारी

शिमला अंतर्राष्ट्रीय समर फेस्टिवल 2026 के दौरान 8 जून से 12 जून तक आयोजित होगी प्रथम एंटी-चिट्टा इंटर-डिस्ट्रिक्ट वॉलीबॉल चैम्पियनशिप
मंडी, 20 मई। शिमला अंतर्राष्ट्रीय समर फेस्टिवल 2026 के दौरान 8 जून से 12 जून 2026 तक आयोजित होने वाली प्रथम एंटी-चिट्टा इंटर-डिस्ट्रिक्ट वॉलीबॉल चैम्पियनशिप (अंडर-21 बॉयज) के लिए मंडी जिला टीम के चयन ट्रायल 24 मई को खेलो इंडिया केंद्र, संधोल जिला मंडी में सुबह 9 बजे आयोजित किए जाएंगे। चयन प्रक्रिया का संचालन वॉलीबॉल कोच मुनीष कुमार द्वारा किया जाएगा। यह जानकारी जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी कविता ठाकुर ने दी।
उन्होंने बताया कि चयन ट्रायल में केवल जिला मंडी के अंडर-21 वर्ग के पात्र खिलाड़ी ही भाग ले सकेंगे। खिलाड़ियों का जन्म 1 जनवरी 2005 या उसके बाद का होना अनिवार्य है। ट्रायल में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को अपने आयु प्रमाण पत्र तथा आधार कार्ड मूल रूप में साथ लाने होंगे।
उन्होंने बताया कि जिला खेल परिषद शिमला तथा जिला प्रशासन शिमला एवं शिमला अंतर्राष्ट्रीय समर फेस्टिवल आयोजन समिति के संयुक्त तत्वावधान में यह प्रतियोगिता 8 जून से 12 जून 2026 तक आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता का आयोजन नगर निगम ग्राउंड, संजौली शिमला में होगा।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में विजेता टीमों और खिलाड़ियों के लिए आकर्षक नकद पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम को एक लाख रुपये, ट्रॉफी और मेडल प्रदान किए जाएंगे। द्वितीय स्थान पर रहने वाली टीम को 50 हजार रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 25 हजार रुपये और मेडल दिए जाएंगे। इसके अतिरिक्त क्वार्टर फाइनल तक पहुंचने वाली पांच टीमों को 20-20 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी अलग-अलग श्रेणियों में पांच-पांच हजार रुपये के पुरस्कार दिए जाएंगे। सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों और कोच को आयोजन समिति की ओर से टी-शर्ट भी उपलब्ध करवाई जाएगी।
जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी ने बताया कि चयन ट्रायल में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को यात्रा एवं दैनिक भत्ता देय नहीं होगा।
=============================================
निरोग जीवन की दिशा में योग 365 बड़ा अभियान, निःशुल्क लाइव योग सत्रों में लोगों को भारी संख्या में जुड़ने की अपील *

ऊना, 20 मई। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2026 के उपलक्ष्य में आयुष मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा देशभर में स्वास्थ्य जागरूकता एवं नियमित योग अभ्यास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में योग365 अभियान के अंतर्गत 100 दिनों का निःशुल्क लाइव योगा सेशन कार्यक्रम प्रारंभ किया गया है।

सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान ने हैबिल्ड टेक प्राइवेट लिमिटेड के साथ समझौता कर देशभर में 100 दिनों तक निःशुल्क लाइव योग सत्र आयोजित करने की पहल की है। इस विशेष अभियान का उद्देश्य आमजन को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा दैनिक दिनचर्या में योग को शामिल करने के लिए प्रेरित करना है।

उन्होंने बताया कि यह अभियान अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2026 से पूर्व बड़े स्तर पर आयोजित किए जाने वाले ऑनलाइन योग कार्यक्रम के साथ संपन्न होगा, जिसमें विश्व रिकॉर्ड बनाने का भी प्रयास किया जाएगा। यह कार्यक्रम 27 मई को आयोजित किया जाना निर्धारित है।

उन्होंने सभी विभागीय कर्मचारियों, उनके परिवारजनों तथा आम नागरिकों से इस जनहितकारी पहल में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आग्रह किया है। इच्छुक व्यक्ति ऑनलाइन पंजीकरण कर अथवा टोल फ्री नंबर 18003157008 पर संपर्क कर निःशुल्क लाइव योग सत्रों से जुड़ सकते हैं।

उन्होंने कहा कि योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाता है, बल्कि मानसिक संतुलन एवं सकारात्मक जीवनशैली को भी बढ़ावा देता है। ऐसे में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता इस अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
-०-