चंडीगढ़, 07.07.26-: पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय ओसीएफ सेक्टर-29-बी में प्रतिष्ठित राज्य पुरस्कार परीक्षण शिविर का शुभारंभ हुआ। यह पाँच दिवसीय शिविर 10 जुलाई तक आयोजित किया जाएगा। इस शिविर में क्षेत्र के विभिन्न केंद्रीय विद्यालयों से आए स्काउट एंड गाइड्स प्रतिभागी राज्य पुरस्कार प्राप्ति हेतु आयोजित परीक्षण में भाग ले रहे हैं। उद्घाटन समारोह में केंद्रीय विद्यालय संगठन, क्षेत्रीय कार्यालय, चंडीगढ़ के उप आयुक्त अनुराग भटनागर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि सहायक आयुक्त महोदय आरसी शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। प्राचार्य महोदय के.एस पठानिया ने ग्रीन वेलकम द्वारा अतिथियों का स्वागत किया।इस कैंप की संचालिका एवं क्वार्टर मास्टर मीनू बाला ने अतिथियों को स्काउट /गाइड स्कार्फ पहना कर कैंप में शामिल किया। शिविर की एल.ओ.सी रिया झा ने अपने संबोधन में गणमान्य अतिथियों एवं प्रतिभागियों को अनुशासन, नेतृत्व, निस्वार्थ सेवा, टीम भावना ,देशभक्ति , स्काउट-गाइड मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में गाइड्स के उत्साह और समर्पण की सराहना करते हुए उन्हें परीक्षण शिविर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर बहुत से विद्यार्थियों ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किया जिसने सब का मन मोह लिया। अंत में उपप्राचार्य महोदय रविंदर सिंह ने शिविर में आने के लिए सबका धन्यवाद ज्ञापित किया। राज्य पुरस्कार परीक्षण शिविर गाइड्स को अपनी स्काउटिंग दक्षताओं का प्रदर्शन करने, व्यक्तित्व एवं चरित्र निर्माण को सुदृढ़ करने तथा भविष्य में उच्च उत्तरदायित्वों के लिए स्वयं को तैयार करने का एक उत्कृष्ट अवसर प्रदान करता है। यह शिविर भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संचालित किया जा रहा है तथा इसका समापन 10 जुलाई को होगा।