HAMIRPUR, 15.09.26-माय भारत हमीरपुर द्वारा युवाओं को राष्ट्र निर्माण, युवा नेतृत्व एवं सामाजिक जिम्मेदारियों से जोड़ने के उद्देश्य से NIT हमीरपुर, गवर्नमेंट कॉलेज धनेटा तथा आई टी आई रेल में युवा कनेक्ट कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम के दौरान युवाओं को माय भारत की विभिन्न गतिविधियों तथा विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (VBYLD) क्विज 2026 के बारे में जानकारी दी गई और अधिक से अधिक युवाओं को क्विज में भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया।


कार्यक्रम के दौरान जिला युवा अधिकारी,माय भारत
हमीरपुर, दीपमाला ने युवाओं को नशे से दूर रहने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ दिलाई। उन्होंने युवाओं से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और शिक्षा, खेल एवं अन्य सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने का आह्वान किया।

इस अवसर पर यूथ आइकन असमित एवं प्रियंका ने भी युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं और उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर शिक्षा, खेल, कौशल विकास एवं सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए।

NIT हमीरपुर, गवर्नमेंट कॉलेज धनेटा तथा आई टी आई रेल में आयोजित युवा कनेक्ट कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों को VBYLD के माध्यम से युवा नेतृत्व, विचारों की अभिव्यक्ति तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में भी जानकारी दी गई। इस दौरान युवाओं ने VBYLD क्विज 2026 में बढ़-चढ़कर भागीदारी की।

माय भारत हमीरपुर की ओर से युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में VBYLD क्विज 2026 में भाग लेने तथा माय भारत पोर्टल से जुड़कर विभिन्न युवा-केंद्रित गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता करने का आह्वान किया गया।