चंबा 24 नवंबर 2026, -जिला चंबा में सरकारी समर्थन मूल्य पर प्राकृतिक विधि से उत्पादित मक्की की खरीद निरंतर जारी है अब तक जिला के विभिन्न विकास खंडों के 112 किसानों से 337.24 क्विंटल मक्की की पैदावार खरीदी गई है जिसमें 301.195 क्विंटल लाल मक्की तथा 36.045 क्विंटल सफेद मक्खी शामिल है। प्रदेश सरकार द्वारा इसके लिए किसानों को 5 हजार रुपए प्रति क्विंटल की दर से भुगतान किया जाएगा। जिला में चंबा तीसा, सलूनी, भरमौर, चुवाड़ी तथा बनीखेत में प्राकृतिक मक्की की सरकारी खरीद की जा रही है। अब तक खरीदी गई मक्खी की कुल पैदावार में विकासखंड चंबा के 38 किसानों से 51.11 क्विंटल, तीसा के 24 किसानों से 161.69 क्विंटल, सलूनी के 19 किसानों से 60.67 क्विंटल, भरमौर के 6 किसानों से 20.85 क्विंटल तथा भटियात के 25 किसानों से 42.92 क्विंटल प्राकृतिक मक्की की पैदावार खरीदी गई है। विकास खंड भटियात के अंतर्गत चुवाड़ी तथा बनीखेत में दो खरीद केंद्र स्थापित किए गए हैं जबकि अन्य विकास खंडों में केवल विकास खंड मुख्यालय स्तर पर एक ही खरीद केंद्र स्थापित किया गया। अब तक विकास खंड तीसा में सर्वाधिक 161.69 क्विंटल मक्की की खरीद की गई है जबकि विकास खंड भरमौर में सफेद मक्की की सर्वाधिक 20.85 क्विंटल सरकारी खरीद की गई है।
जिला चंबा के आत्मा परियोजना निदेशक नितिन शर्मा ने बताया कि जिला के विभिन्न खरीद केंद्रों में मक्की की पैदावार 30 नवंबर 2026 तक खरीदी जाएगी। नितिन शर्मा ने बताया कि इस वर्ष मक्की का समर्थन मूल्य 40 रुपये से बढ़ाकर 50 रुपये प्रति किलोग्राम किया गया है। जिला के जनजातीय उप मंडल पांगी के जौ का न्यूनतम समर्थन मूल्य 80, गेहूं का समर्थन मूल्य 80, अदरक का 40 तथा कच्ची हल्दी का 150 रुपये प्रति किलोग्राम निर्धारित है। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा केवल पारंपरिक बीजों से उत्पादित मक्की की खरीद की जा रही है।