कुठेड़ा (बिलासपुर), 24 नवम्बर: नगर व ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक और औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों से बच्चों एवं युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। खेल गतिविधियां युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने के साथ-साथ उन्हें नशे और अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। राजेश धर्माणी आज कुठेड़ा में आयोजित अंडर-16 छात्र एवं छात्राओं की तीन दिवसीय राज्यस्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि आज के बच्चे आने वाले समय में समाज, प्रदेश और देश की बागडोर संभालेंगे। ऐसे में उनके व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार खेलो हिमाचल, चिट्टा मुक्त अभियान 2026 शुरू करने जा रही है। इसके तहत उपमंडल, जिला और राज्य स्तर पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। उन्होंने बताया कि 15 दिसंबर को धर्मशाला से इस अभियान का विधिवत आगाज होगा। इसके माध्यम से ग्रामीण स्तर तक खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलेगा और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध होगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने राष्टीय व अंर्तराष्टीय स्तर पर बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों की ईनामी राशि में वृद्धि की है तथा गत दिनों शिमला में ऐसे खिलाड़ियों को लगभग 19 करोड़ रूपये की ईनामी राशि सरकार ने प्रदान की है।
इस अवसर पर राजेश धर्माणी ने कुठेड़ा महिला मंडल को 11 हजार रुपये देने की घोषणा भी की।
समारोह में पहुंचने पर जिला कबड्डी एसोसिएशन के अध्यक्ष सुनील शर्मा व अन्य पदाधिकारियों ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि तीन दिनों तक चली इस राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से छात्रों और छात्राओं की कुल 36 टीमों ने भाग लिया, जिनमें 18 टीमें छात्राओं की और 18 टीमें छात्रों की रहीं।
समापन समारोह में जिला कबड्डी एसोसिएशन के पदाधिकारी, आयोजन समिति के सदस्य, खेल अधिकारी, निर्णायक मंडल, विभिन्न टीमों के कोच, खिलाड़ी, अभिभावक तथा क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।