चम्बा, 24 नवंबर-राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोलका और मंगला में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह हर्षोल्लास के साथ आयोजित किए गए। दोनों विद्यालयों में सदर विधायक नीरज नैय्यर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस दौरान उन्होंने शैक्षणिक, खेलकूद एवं अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर विधायक नीरज नैय्यर ने कहा कि विद्यार्थी जीवन में अनुशासन का विशेष महत्व है। अनुशासन, कठिन परिश्रम, समय का सदुपयोग और दृढ़ संकल्प ही सफलता के वास्तविक मूल मंत्र हैं। शिक्षा केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यक्तित्व निर्माण, नैतिक मूल्यों के विकास और समाज के प्रति जिम्मेदारी का बोध करवाने का सशक्त माध्यम भी है।
उन्होंने कहा कि बच्चों को शिक्षित एवं संस्कारवान बनाने में शिक्षकों के साथ-साथ अभिभावकों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। उन्होंने शिक्षकों और अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई, व्यवहार, दिनचर्या तथा संगति पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया।
विधायक ने प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे 'एंटी चिट्टा अभियान' का उल्लेख करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी को नशे के दुष्प्रभावों से बचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। चिट्टा तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा तथा उसके विरुद्ध कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि बच्चों और युवाओं को मादक पदार्थों से दूर रखने तथा खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार ने 'खेलो हिमाचल अभियान' भी आरंभ किया है। इस अभियान के तहत आठ खेलकूद गतिविधियों को शामिल किया गया है तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
इस दौरान विधायक ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मंगला में जीव विज्ञान संकाय शुरू करने की मांग मुख्यमंत्री के समक्ष प्रमुखता से उठाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि उनके आग्रह पर वर्ष 2014 में प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह ने विधानसभा क्षेत्र चम्बा के 14 विद्यालयों को स्तरोन्नत किया था।
विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए विधायक ने चम्बियाली बोली की कहावत 'मात्रा पर जातरा' का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि विकासात्मक कार्यों को धरातल पर उतारने के लिए पर्याप्त धनराशि और बजट का उपलब्ध होना भी आवश्यक है। उपलब्ध संसाधनों के अनुरूप क्षेत्र में विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा।
समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम किये । विधायक ने विद्यार्थियों की प्रतिभा और प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए दोनों विद्यालयों के सांस्कृतिक कार्यक्रमों को प्रोत्साहित करने के लिए 11-11 हजार रुपये देने की घोषणा की।
इस अवसर पर दोनों विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण, अभिभावक, स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य व्यक्ति तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।