चंडीगढ़02.07.24- : जाने-माने वरिष्ठ पत्रकार एवं पिछले 47 वर्षों से पत्रकारिता में सेवा कर रहे कश्मीर चंद मलकानियां को देवर्षि नारद आजीवन उत्कृष्ट सेवा सम्मान पुरस्कार से सम्मानित किया गया। विश्व संवाद केंद्र द्वारा 9वें देवर्षि नारद जयंती एवं राज्य स्तरीय पत्रकार सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

विश्व संवाद केंद्र के सचिव राजेश कुमार ने आए हुए मेहमानों का स्वागत किया और विश्व संवाद केंद्र की गतिविधियों के बारे में जानकारी दी। विश्व संवाद केंद्र द्वारा पिछले 9 वर्षों से निरंतर देवर्षि नारद जयंती एवं पत्रकार सम्मान समारोह जिला एवं राज्य स्तर पर आयोजित करता आ रहा है। कार्यक्रम के साथ ब्रह्मांड के आदि पत्रकार नारद जी एवं वर्तमान पत्रकारिता एवं चुनौतियां विषय पर आधारित विचार गोष्ठियां भी हरियाणा के अलग अलग जिलों में आयोजित की गई। इसी श्रृंखला में इस बार देवर्षि नारद जयंती एवं राज्य स्तरीय पत्रकार सम्मान समारोह पंचकूला में आयोजित किया गया।

सचिव राजेश कुमार ने बताया कि इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट सेवा करने वाले मीडिया कर्मियों (पत्रकार, स्तंभकार आदि) को सम्मानित किया गया, जिसमें देश प्यार के संपादक कश्मीर चंद मलकानियां को देवर्षि नारद आजीवन उत्कृष्ट सेवा सम्मान पुरस्कार से सम्मानित किया गया। कश्मीर चंद मलकानियां को विश्व संवाद केंद्र की ओर से स्मृति चिन्ह, सर्टिफिकेट एवं 21 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया। कश्मीर चंद मलकानियां विश्व संवाद केंद्र के प्रबंधकों का आभार व्यक्त किया।