चंडीगढ़ 16 अप्रैल,2024 : “ देश के वरिष्ठ नागरिक अपने अनुभवों के आधार पर एक आदर्श समाज, संगठन, संस्कृति को बनाने में एहम भूमिका निभाते हैं | हमारे देश की संस्कृति की ये ख़ूबसूरती भी है कि हमारे बुजुर्ग आज भी अपने परिवारों को अच्छे संस्कार प्रदान करने के लिए सदैव तत्पर रहते हैं | ये हमारे लिए बड़े सौभाग्य की बात है कि भारत देश में ये परम्परा पीढ़ी दर पीढ़ी चलती आ रही है |” ये बात भारतीय जनता पार्टी के चड़ीगढ़ लोकसभा क्षेत्र के प्रत्याशी संजय टंडन ने आज सेक्टर 22 स्थित जी के इंटरनेशनल होटल में सीनियर सिटीजन एसोसिएशन चंडीगढ़ द्वारा आयोजित कार्यक्रम के दौरान कही |

कार्यक्रम में एसोसिएशन के नव नियुक्त चेयरमेन सुभाष अग्रवाल, अध्यक्ष आई पी पूरी ने संजय टंडन को पुष्पगुच्छ और पटका डाल कर सम्मानित किया |

एसोसिएशन के सैंकड़ों सदस्यों को संबोधित करते हुए भाजपा प्रत्याशी संजय टंडन उस समय भावुक हो गए जब उन्होंने अपने पिता जी छत्तीसगढ़ के पूर्व राज्यपाल स्व श्री बलराम जी दास टंडन की पुरानी बातों को स्मरण किया और कहा कि सीनियर सिटीजन एसोसिएशन से उनका आज का नाता नहीं उनके पिता जी के समय का है | उनका इस संस्था के प्रति गहरा लगाव था और वो कहा करते थे “ संजय एह जढ़े बुजुर्ग ने, इन्हां दा चंडीगढ़ नु आबाद ते इसदी संरचना विच कोई न कोई योगदान रेहा ऐ , इस करके इन्हां दे लई जिना कुछ कर दयिये ओह भी घट है|’ आज उनकी कही हुई एक एक बात उनकी आखों के सामने आ गई |

उन्होंने कहा कि केंद्र में मोदी सरकार द्वारा गत 10 वर्षों में सभी वर्गों के लिए जो भी विकास के काम किये गए इतने तो कांग्रेस पार्टी 70 वर्षों में कर पायी | आज देश की इकॉनमी दिनोदिन बढती जा रही है और आने वाले वर्षों में हमारा देश भारत भी विकसित देशों की सूची में अंकित हो जायेगा | इतना ही नहीं इस बार के पार्टी के संकल्प पत्र में 70 वर्ष की आयु से ऊपर सभी वरिष्ठ नागरिकों को बिना किसी वर्ग भेद के उन्हें 5 लाख तक के निःशुल्क इलाज के लिए उन्हें मोदी सरकार आयुष्मान भारत कार्ड बनवा कर देगी | ये सभी बुजुर्गों के लिए एक विशेष प्रकार का उपहार है | अब सभी वरिष्ठ नागरिक मुफ्त इलाज करवा सकेंगे |

उन्होंने सभी से विनम्र अपील करते हुए कहा कि अभी तक मोदी सरकार के 10 वर्षों की उपलब्धियों के आकलन से साफ़ है कि देश में विकास तो हुआ है | इसलिए देश को विश्वगुरु बनाने हेतु एक निर्णायक सरकार की आवश्यकता है जो कठोर से कठोर निर्णय लेने में कोई परहेज न करे और राष्ट्रहित के लिए जो सही हो उसको लागू करके देश की जनता को उसका फायदा प्रदान कर सके | इसी विकास की गाडी को आगे बढाने हेतु आप सभी के सहयोग से ही यहाँ पर उनको आशीर्वाद देने से इस बार 400 पार के साथ दोबारा से मोदी सरकार को लायें |