चण्डीगढ़, 05.02.26- : भारतीय जनता युवा मोर्चा, चंडीगढ़ के प्रदेश उपाध्यक्ष अभय कुमार झा ने आज वार्ड नंबर 20 के अंतर्गत आते हल्लोमाजरा एवं दीप कॉम्प्लेक्स क्षेत्रों में व्याप्त गंभीर समस्याओं को लेकर महापौर सौरभ जोशी को ज्ञापन सौंपा।
अभय झा ने बताया कि हल्लोमाजरा और डीप कॉम्प्लेक्स में सीवरेज ओवरफ्लो, पेयजल एवं सफाई व्यवस्था की स्थिति अत्यंत चिंताजनक बनी हुई है। दोनों ही क्षेत्रों में प्रतिदिन सीवरेज का ओवरफ्लो हो रहा है, जिससे लगभग हर गली और सड़क पर गंदा पानी फैला रहता है। इसके कारण स्थानीय निवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि लगातार सीवरेज ओवरफ्लो के चलते गंदा व दूषित पानी लोगों के घरों में घुस रहा है, जिससे क्षेत्र में बीमारियों का खतरा तेजी से बढ़ रहा है। बच्चे, बुज़ुर्ग और महिलाएं विशेष रूप से प्रभावित हो रहे हैं और आए दिन लोग बीमार पड़ रहे हैं। स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि कई परिवार अपने मकान बेचकर अन्य क्षेत्रों में स्थानांतरित होने को मजबूर हो रहे हैं, क्योंकि इन अस्वस्थ और असुरक्षित परिस्थितियों में रहना उनके लिए संभव नहीं रह गया है।
अभय झा ने कहा कि यह समस्या जनस्वास्थ्य एवं जनसुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन चुकी है। उन्होंने महापौर से आग्रह किया कि इस विषय पर तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों को निर्देश दिए जाएं, ताकि सीवरेज, पेयजल एवं सफाई से जुड़ी समस्याओं का स्थायी समाधान जल्द से जल्द किया जा सके।bसौरभ जोशी ने उन्हें आश्वासन दिया कि समस्या जल्द हल कराई जाएगी।