चण्डीगढ़ / पंचकूला, 05.02.26- : सेक्टर-11, पंचकूला स्थित कैनम प्लाजा मार्केट में समाजसेवा की मिसाल पेश करते हुए एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह रक्तदान शिविर वरिष्ठ पत्रकार एवं समाजसेवी स्व. कमलेश मलकानियां की याद में कमलेश मलकानियां मेमोरियल चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा स्माइल फारएवर, श्री शिव कांवड़ महासंघ चैरिटेबल ट्रस्ट पंचकूला, ब्लड बैंक पीजीआई चंडीगढ़ तथा महामाई मनसा देवी चैरिटेबल भंडारा कमेटी के संयुक्त सहयोग से लगाया गया। शिविर का शुभारंभ हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के राजनीतिक सलाहकार तरुण भंडारी, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, पंचकूला भाजपा जिला प्रधान अजय मित्तल तथा पूर्व मेयर कुलभूषण गोयल ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर विशेष अतिथि के रूप में समाजसेवी अरुण ग्रोवर, हितैषी फाउंडेशन के चेयरमैन भारत हितैषी, शिरडी साईं सेवा समाज के प्रबंधक अनिल थापर, महामाई मनसा देवी चैरिटेबल भंडारा कमेटी के प्रधान अमित जैन, अरविनकेयर के प्रधान अतुल गर्ग, भाजपा महामंत्री जय कौशिक, सुखबीर पूनिया, अजय कुंडलस, मुकेश सिंगला सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए तरुण भंडारी और ज्ञानचंद गुप्ता ने युवाओं से रक्तदान जैसे पुनीत कार्य में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि एक स्वस्थ व्यक्ति का यह इंसानी, नैतिक और सामाजिक दायित्व है कि वह समय-समय पर रक्तदान करे, क्योंकि रक्त का कोई विकल्प नहीं है और यह कई जिंदगियां बचाने में सहायक होता है।
भाजपा जिला प्रधान अजय मित्तल ने कहा कि अपने पूर्वजों को स्मरण करने के लिए रक्तदान से बड़ा कोई कार्य नहीं हो सकता। रक्तदान न केवल जीवनदायी है बल्कि समाज के प्रति हमारी संवेदनशीलता को भी दर्शाता है। वहीं पूर्व मेयर कुलभूषण गोयल ने इस सराहनीय आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई दी।
श्री शिव कांवड़ महासंघ चैरिटेबल ट्रस्ट एवं निफा चंडीगढ़ के डायरेक्टर रमेश नारंग और प्रधान राकेश कुमार संगर ने बताया कि सर्दी के मौसम में अस्पतालों में रक्त एवं रक्त कॉम्पोनेंट्स की कमी को देखते हुए इस शिविर का आयोजन किया गया, ताकि जरूरतमंद मरीजों की सहायता की जा सके, जिनकी जिंदगी रक्त की कमी के कारण संकट में पड़ जाती है।
रक्तदान शिविर में लगभग 70 युवाओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की। शिविर के अंत में स्माइल फारएवर के प्रधान अजय गुप्ता ने सभी अतिथियों, रक्तदाताओं एवं सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया।
इस मौके पर श्री शिव कांवड़ महासंघ चैरिटेबल ट्रस्ट एवं निफा चंडीगढ़ से एच.एल. सिंगला, एन.एन. पुरी, दिनेश कुमार, रमेश नारंग सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद रहे। सभी रक्तदाताओं को प्रशंसा पत्र, स्मृति चिन्ह एवं बेज देकर सम्मानित और प्रोत्साहित किया गया।